बोधगया के महाबोधि मंदिर और उसके आसपास हुए सीरियल बम धमाकों की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को इस मामले में कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने बुधवार को कहा कि इस मामले की पूरी गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि एनआईए को इस मामले से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं जिनसे इस वारदात को अंजाम देने वाले लोगों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।
गृहमंत्री ने राजस्थान के अलवर जिले के बहादुरपुर पट्टी-कटला में सीआरपीएफ के महिला बटालियन बेस कैंप का शिलान्यास करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में यह बात कही।
शिंदे ने हालांकि सुरागों का खुलासा करने से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि इससे मामले की जांच पर असर पड़ सकता है। गौरतलब है कि बोधगया में गत 7 जुलाई को सिलसिलेवार 10 बम धमाके हुए थे, जिनमें दो बौद्ध भिक्षु घायल हो गए थे।