दिन की बड़ी खबर आई यूपी से। देशभर को हिला कर रख देने वाले दादरी कांड में जिस इखलाक के परिवार पर गाय काटने का आरोप लगाया गया था उसमें यूपी पुलिस के खुलासे से नया मोड़ आ गया है। पुलिस की चार्जशीट में यह बात सामने आई है कि घर से मिला मांस का टुकड़ा बकरे का था, गाय का नहीं।
पुलिस ने चार्जशीट में गौतमबुद्धनगर के मुख्य पशुपालन अधिकारी की रिपोर्ट का हवाला दिया है। हालांकि पुलिस अभी एफएसएल की फाइनल रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
इस मामले में पुलिस ने हाल ही में चार्जशीट दाखिल की है, जिसमें एक नाबालिग समेत 15 लोगों को नामजद किया गया है। मामले की पहली सुनवाई 4 जनवरी को होनी है। गौरतलब है इस मामले के सामने आने के बाद से ही देश में असहिष्णुता को लेकर बहस शुरू हो गई थी।
पाक से यारी करने वाले की ज्यादा नहीं चलती राजनीति
प्रधानमंत्री मोदी की पाकिस्तान यात्रा पर उसकी सहयोगी शिवसेना ने भी तंज कस दिया है, शिवसेना के मुखपत्र सामना में धाड़सी भेंट नाम से छपे संपादकीय में इस मुद्दे को उठाते हुए लिखा गया है कि जो भी नेता पाकिस्तान से याराना करता है या उसकी धरती पर जाता है उसकी राजनीति ज्यादा दिन नहीं चलती।
लेख में पूर्व प्रधानमंत्री लाल कृष्ण आड़वाणी और अटल बिहारी वाजपेयी का उदाहरण देते हुए बताया गया है कि पाकिस्तान में जिन्ना की मजार पर जाने के बाद पूर्व उप प्रधानमंत्री लाल कृष्ण आड़वाणी का जो हश्र हुआ वो सबने देखा।
पूर्व प्रधानंत्री अटल बिहारी वाजपेयी भी बस लेकर लाहौर गए थे वो भी दोबारा सत्ता में नहीं लौट सके इसलिए कहीं पाकिस्तान प्रेम में मोदी का हाल भी दोनों नेताओं जैसा न हो जाए। ये एक अंध श्रद्धा है पाकिस्तान की जमीन शापित है।
चंडीगढ़ में बिल्डिंग ढही, छह की मौत
वहीं चंडीगढ़ से भी एक दर्दनाक खबर सामने आ रही है जहां सेक्टर-26 स्थित ट्रांसपोर्ट एरिया में सुबह शराब ठेके की छत गिरने से 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 गंभीर हैं। हालांकि, बचाव कार्य के लिए मौके पर फायरबिग्रेड और चंडीगढ़ पुलिस पहुंच गई है।
जानकारी के मुताबिक, शराब ठेके के पास बेसमेंट की खुदाई का काम चल रहा था। इससे ठेके की दीवार कमजोर होकर गिर गई। खुदाई के काम में 15 मजदूर लगे थे, जो मलबे में दब गए। इनमें से 10 मजदूरों को मलबे से निकाला जा चुका है।
इनमें छह मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 4 को गंभीर अवस्था में पीजीआई भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक, अभी भी राहत कार्य जारी है और कुछ और लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है।
कांग्रेस मुखपत्र में सोनिया के पिता को कहा फासिस्ट, संपादक बर्खास्त
वहीं मुंबई से प्रकाशित होने वाले कांग्रेस के मुखपत्र कांग्रेस दर्शन में सोनिया गांधी के पिता को फासिस्ट कहने और पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की विदेश नीतियों पर सवाल उठाने के बाद बवाल मच गया है। कांग्रेस ने अखबार के संपादक सुधीर जोशी को बर्खास्त कर दिया है।
मुंबई इकाई से छपने वाले इस मुखपत्र ने लिखा है कि अगर नेहरू ने पूर्व गृहमंत्री वल्लभभाई पटेल की बात मानी होती तो आज कश्मीर, चीन और तिब्बत जैसी समस्याएं देश के सामने नहीं होती।
मुखपत्र ने लिखा कि 'विदेश विभाग पं नेहरू का कार्यक्षेत्र था, लेकिन कई बार उप प्रधानमंत्री होने के नाते कैबिनेट की विदेश विभाग समिति में उनका जाना होता था। उनकी दूरदर्शिता का लाभ यदि उस समय लिया जाता तो अनेक वर्तमान समस्याओं का जन्म न होता।'
मुखपत्र ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर भी निशाना साथा। सोनिया के पिता को फासिस्ट सेना का सिपाही बताया जिनकी दूसरे विश्व युद्ध के दौरान मौत हो गई थी। लेख में सोनिया गांधी के पार्टी अध्यक्ष बनने पर भी सवाल उठाया।
कांग्रेस नेता ने मोदी-स्मृति पर की आपत्तिजनक टिप्पणी
असम में एक पूर्व कांग्रेस मंत्री के केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी कर नए विवाद को जन्म दे दिया है। पूर्व कृषि मंत्री नीलमणि सेन डेका ने कहा कि स्मृति ईरानी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूसरी पत्नी हैं।
डेका ने ये टिप्पणी असम के नलबाड़ी में एक जनसभा के दौरान की। बीजेपी ने उनकी टिप्पणी को ‘शर्मनाक’ बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की। बीजेपी महासचिव राम माधव ने टिप्पणी को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस नेता ने स्मृति के खिलाफ ‘शर्मनाक बयान’ दिया है।
उन्होंने ट्वीट कर पूछा, ‘क्या एक महिला के नेतृत्व वाला कांग्रेस प्रबंधन उनका बचाव कर रहा है?’ वहीं, केंद्रीय खेल मंत्री और असम बीजेपी के अध्यक्ष सर्वानंद सोनोवाल ने टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए संवाददाताओं से कहा कि प्रदेश बीजेपी जल्द ही उनके खिलाफ मानहानि का मामला दायर करेगी।
जेटली को क्लीनचिट देने पर मची रार
डीडीसीए घोटाले में वित्त मंत्री अरुण जेटली को क्लीन चिट दिए जाने की बात के विरोध में आम आदमी पार्टी ने आज प्रेस कांफ्रेंस कर पूछा कि आखिर जेटली को क्लीनचिट देने की होड़ क्यों मची है?
दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि अभी तो जांच शुरू हुई है और आखिर जांच से बीजेपी और जेटली इतने डरे क्यों हुए हैं।
जांच होने दीजिए फिर दोषी का नाम भी सामने आएगा, अगर जेटली जांच से नहीं डरते तो फिर वो दिल्ली सरकार द्वारा बनाए गए जांच आयोग का स्वागत करें और कहें कि वो हर तरह की जांच के लिए तैयार हैं।
इससे पूर्व केजरीवाल ने कहा था कि भाजपा हमसे माफी मांगने के लिए गिड़गिड़ा रही है, इस पर भाजपा की ओर से केन्द्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर ने प्रेस कान्फ्रेंस कर जवाब दिया कि लोग एक से बढ़कर एक झूठ बोल रहे हैं।
जयललिता पर सवाल पूछने पर विजयकांत ने पत्रकारों पर थूका
तमिलनाडु में भाजपा गठबंधन के मुख्य घटक डीएमडीके के मुखिया और तमिल फिल्म अभिनेता विजयकांत की एक हरकत उनकी पार्टी सहित एनडीए के लिए शर्मिदंगी की वजह बन गई है।
एक ब्लड डोनेशन कैंप में हिस्सा लेने पहुंचे तमिल फिल्म अभिनेता राज्य की मुख्यमंत्री जयललिता पर पूछे गए एक सवाल पर इस कदर भड़क गए कि पत्रकारों पर ही थूक दिया। इसके बाद उन्होंने पत्रकारों को अपशब्द भी कहे।
उनकी इस हरकत पर पत्रकार संगठनों का गुस्सा भड़क गया है। चेन्नई पत्रकार एसोसिएशन ने विजयकांत के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उनसे माफी की मांग कर दी है।