पाकिस्तान में आतंकी हमले रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। बुधवार सुबह बाचा खान विश्वविद्यालय में हुए आतंकवादी हमले में 21 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 60-70 लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है। मरने वाले और घायल हुए लोगों की संख्या में आगे बढ़ोतरी हो सकती है।
विज्ञापन
एक हफ्ते के अंदर पाकिस्तान में हुआ यह तीसरा आतंकी हमला है। मंगलवार को हुए एक आत्मघाती हमले में 10 लोगों की मौत हो गई थी। 2014 में पेशावर के आर्मी स्कूल पर आतंकियों ने हमला किया था, जिसमें 100 से अधिक बच्चे मारे गए थे। पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, बाचा खाना विश्वविद्यालय परिसर में मुशायरे का आयोजन हो रहा था, जिस कारण वहां तीन हजार से अधिक छात्र मौजूद थे।
एक प्रत्यक्षदर्शी प्रोफेसर का कहना है कि अंदर पांच धमाकों की आवाज सुनाई दी। वहां के क्षेत्रीय पुलिस अधिकारी सईद वजीर ने बताया कि मरने वालों में चार आतंकवादी भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि अब ऑपरेशन खत्म हो गया है और यूनिवर्सिटी कैंपस को खाली कराया जा रहा है। पाकिस्तान में बाचा खान यूनिवर्सिटी में हुए आतंकी हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान ने ली है।
विज्ञापन
बाचा खान विश्वविद्यालय को खान अब्दुल गफ्फार खान के नाम पर बनाया गया है, जिन्हें हिंदुस्तान में सीमांत गांधी नाम से जाना जाता है। मीडिया रिपोर्टों में बताया जा रहा है कि आतंकी 50 मिनट तक गोलीबारी करते रहे, पुलिस ने जवाबी कार्रवाही देर से शुरु की।
ऑस्ट्रेलिया से फिर हारी धोनी की सेना
ऑस्ट्रेलिया को हो रही एक दिवसीय मैचों की श्रृंखला के चौथे मैच में भी धोनी के शेर ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजी के आगे ढेर हो गए। ऑस्ट्रेलिया ने टीम इंडिया को 25 रनों से हरा दिया। हालांकि इस मैच में टीम की ओर से दो शतक लगाए गए।
मेजबान टीम से मिले 349 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की ओर से शिखर धवन (126) और विराट कोहली (106) ने अपने-अपने शतक जमाते हुए दूसरे विकेट के लिए 212 रनों की बड़ी साझेदारी कर मैच को काफी समय तक अपने पक्ष में किए रखा लेकिन मध्य क्रम के लड़खड़ाने के कारण टीम 49.2 ओवर में 323 रन बनाकर आउट हो गई। केन रिचर्डसन ने 5 विकेट झटके।
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 348 रन बनाए। कंगारू पारी की ओर से ओपनर ऐरोन फिंच (107) ने करियर का सातवां शतक लगाते हुए डेविड वार्नर (93) के साथ पहले विकेट के लिए 187 रनों की साझेदारी की। फिर कप्तान स्टीवन स्मिथ ने 51 और ग्लेन मैक्सवेल ने अंतिम ओवरों में 20 गेंदों में 41 रनों की तूफानी पारी खेली। भारत की ओर इशांत शर्मा ने 4 और उमेश यादव ने 3 विकेट झटके। सीरीज में पहली बार भारत ने किसी मैच में ऑस्ट्रेलिया के 8 विकेट लिए हैं।
अब इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने अपने घर में रिकॉर्ड लगातार जीत की संख्या को 18 तक पहुंचा दिया है। 5 मैचों की सीरीज में लगातार 4 मैच हारकर टीम इंडिया अब 0-4 से पिछड़ गई है।
417 अंक लुढ़का सेंसेक्स, मच गया हाहाकार
देश के शेयर बाजार दिन की बड़ी गिरावट से संभलते हुए 417.80 अंकों की गिरावट के साथ 24,062.04 के स्तर पर बंद हुए। इससे पूर्व सेंसेक्स 640 अंकों की गिरावट के साथ 23,839.76 के स्तर तक फिसल गया था। सेंसेक्स ने यह स्तर 16 मई 2014 के बाद छूआ था। इससे पूर्व सेंसेक्स सुबह 412.95 अंकों की गिरावट के साथ 24,489.03 के स्तर पर खुला।
वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक निफ्टी 125.80 अंक गिरकर 7,309.30 के स्तर पर बंद हुआ। ये इससे पूर्व फिसलकर 173.25 अंक गिरकर 7261.85 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। निफ्टी सुबह 124.90 अंकों की गिरावट के साथ 7,310.20 के स्तर पर खुला। हालांकि बाद में बिकवाली दबाव में गिरावट और बढ़ गयी।
इस बीच रुपया 42 पैसे टूटकर पिछले 28 महीने के न्यूनतम स्तर 68.07 पर आ गया। शेयर बाजार में गिरावट के बीच आयातकों और बैंकों की ओर से मांग बढ़ने के कारण ये गिरावट मानी जारी रही है। कारोबारियों ने कहा कि सतत पूंजी निकासी से रुपये पर दबाव बना लेकिन विदेशी बाजारों में कुछ अन्य मुद्राओं के मुकाबले डॉलर में कमजोरी से इसकी गिरावट पर लगाम लगी। रुपया कल तीन पैसे की तेजी के साथ 67.65 पर बंद हुआ था।
बाजार जानकारों के अनुसार विदेशी बाजारों का असर भारतीय बाजारों पर अभी जारी रहेगा जिससे और गिरावट देखने को मिल सकती है। जानकारों के अनुसार छोटे निवेशकों को बाजार से दूर रहना चाहिए।
रोहित की आत्महत्या को न दिया जाए सियासी रंग: स्मृति ईरानी
हैदराबाद विश्वविद्यालय के छात्र रोहित वेमुला की आत्महत्या के मामले में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि छात्र की आत्महत्या पर लगाए जा रहे सभी आरोप गलत हैं। स्मृति ईरानी उन पत्रों को लेकर सफाई दे रही थी जो मानव संसाधन मंत्रालय को लिखे गए थे।
केंद्रीय मंत्री ने साफ किया कि विवाद दलित या गैर दलित का नहीं था। ये छात्रों के दो गुटों के बीच विवाद का मामला था। हालांकि उन्होंने माना कि छात्र पिछड़े वर्ग का था। साथ ही स्मृति ने बताया कि बंडारू दत्तात्रेय भी यादव होते हैं। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि कमेटी ने माना है कि छात्रों पर की गई कार्रवाई सही थी। नियम के मुताबिक ही उन पर कार्रवाई की गई। उन्हें विश्वविद्यालय से निकाला जाना सही था। हालांकि स्मृति ने छात्र की आत्महत्या पर दुख जताया है।
वहीं बसपा सुप्रीमों मायावती ने हैदराबाद यूनिवर्सिटी के दलित स्कॉलर रोहित वेमुला की आत्महत्या का कारण भाजपा सरकार और उनके मंत्रियों की प्रताड़ना को बताया। उन्होंने कहा ये घटना पूरे दलित समाज के लिए शर्मनाक और दर्दनाक है। इस देश में दलित समाज को न्याय मिलना बहुत मुश्किल होता जा रहा है।
यूपी लोकायुक्त मामले में SC ने सुरक्षित रखा फैसला
उत्तर प्रदेश के लोकायुक्त की नियुक्ति मामले में सुप्रीम कोर्ट ने अपने पूर्व के आदेश में संशोधन की मांग याचिका पर अपना आदेश सुरक्षित रखा है। लोकायुक्त के रूप में सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति वीरेंद्र सिंह की नियुक्ति पर सुनवाई के बाद कोर्ट ने कहा कि इस पर अभी फैसला नहीं बदलेगा। बता दें कि अदालत उस याचिका पर सुनवाई कर रही है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि लोकायुक्त मामले में यूपी सरकार ने शीर्ष अदालत को गुमराह किया है।
गौरतलब है कि अदालती आदेशों के बावजूद लंबे समय से यूपी में नए लोकायुक्त की नियुक्ति न होने से नाराज न्यायमूर्ति रंजन गोगई की अध्यक्षता वाली पीठ ने गत 16 दिसंबर को अपने विशेषाधिकार का उपयोग करते हुए लोकायुक्त पद के लिए राज्य सरकार की ओर से शार्टलिस्ट किए गए पांच नामों में से एक जस्टिस वीरेन्द्र सिंह को लोकायुक्त नियुक्त कर दिया था। साथ ही पीठ ने राज्य की संवैधानिक अथॉरिटी पर तल्ख टिप्पणी भी की थी। लेकिन दो दिन बाद सचिदानंद गुप्ता ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में यूपी सरकार ने धोखा दिया है, लिहाजा इस नियुक्ति को खारिज किया जाना चाहिए।
वहीं यूपी सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल हलफनामे में कहा है कि उसने अदालत को यह कभी नहीं कहा था कि लोकायुक्त के लिए नामों की जो सूची दी गई थी, उन पर आम सहमति थी।
2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान बिना इजाजत रैली करने के आरोप में मुंबई के कुर्ला कोर्ट में पेश हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को बेल मिल गई।
केजरीवाल पर आरोप है कि 2014 के चुनाव के दौरान उन्होंने आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी मेगा पाटकर के समर्थन में बिना इजाजत रैली की। उन पर आरोप है कि बिना इजाजत रैली के बाद उन्होंने जनसभा को संबोधित किया।
इस मामले में ही उनके खिलाफ चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज हुआ था।