फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

न्यूज राउंडअपः पढ़िए, क्या रहा आज दिनभर खास

विज्ञापन
विज्ञापन
जेएनयू में भारत विरोधी नारेबाजी और उसके बाद छात्र संघ अध्यक्ष की गिरफ्तारी को लेकर देशभर में सियासत तेज हो गई है। सरकार के प्रमुख घटक दल ने जहां जेएनयू में देश विरोधी गतिविधियों को अंजाम देने वाले लोगों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की वहीं केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री किरण रिजिजू ने आरोपी छात्रों के खिलाफ सख्ती दिखाते हुए कहा कि वह कोई बच्चे नहीं हैं जो उन्हें यह न पता हो कि वह क्या कर रहे हैं।
विज्ञापन


रिजिजू ने दोहराया कि सरकार आरोपी छात्रों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी। उनसे पहले भाजपा प्रवक्ता ने कहा था कि छात्र आंतकियों की भाषा बोल रहे हैं।

वहीं अब इस मुद्दे पर वामपंथी संगठन भी खुलकर सामने आ गए हैं। माकपा महासचिव सीताराम येचुरी और वरिष्ठ माकपा नेता डी राजा जेडीयू के केसी त्यागी के साथ गृहमंत्री राजनाथ सिंह से मिले। तीनों नेताओं ने जेएनयू में पुलिस कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए निर्दोष छात्रों को तंग न करने की मांग की। गृहमंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया है कि किसी भी निर्दोष छात्र को तंग नहीं किया जाएगा।

वहीं शाम होते होते यह मुद्दा फिर उस समय गरमा गया, जब कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी भी जेएनयू में पहुंच गए। इसकी सूचना मिलते ही एबीवीपी ने विश्वविद्यालय के गेट पर पहुंचकर उनका विरोध किया। इस दौरान उन्हें काले झंडे दिखाने का भी प्रयास किया गया।
विज्ञापन

मेक इन इंडिया वीक की मुंबई में शुरूआत

मोदी सरकार का बहुप्रति‌क्षित मेक इन इंडिया कार्यक्रम परवान चढ़ता दिख रहा है। इसकी विधिवत शुरूआत हुई आज से मुंबई में शुरू होने वाले मेक इन इंडिया वीक से। मेक इन इंडिया सेंटर में इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

जहां देश दुनिया की प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस दौरान विभिन्‍न कंपनियों ने अपने पवेलियन में भविष्य के मेक इन इंडिया प्रोडक्ट की एक झलक दिखलाई।

कार्यक्रम में हुंडई, इंडियन एयरनोटिक्स, डीआरडीओ और ओएनजीसी आदि सरकारी उपक्रमों ने भी अपने अपने उत्पाद पेश किए। वहीं कार्यक्रम की शुरूआत से पहले ही यह उस समय आलोचनाओं के घेरे में आ गया जब शिवसेना ने कार्यक्रम में पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया।

जेएनयू मुद्दे पर आमने सामने आए केजरीवाल-विश्वास

जेएनयू में देशद्रोह विवाद को लेकर भले ही दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने तल्ख तेवर अपनाते हुए जेएनयू के छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार की गिरफ्तारी पर केंद्र सरकार को चेताया है, लेकिन कुमार विश्वास इसे लेकर काफी मुखर हैं।

कुमार विश्वास ने इस मामले में कड़े कदम उठाने की मांग की है। विश्वास ने दिल्ली पुलिस को आड़े हाथों लेते हुए ऐसे राष्ट्रविरोधी छात्रों को सलाखों के पीछे करने की मांग की है। इसे लेकर कुमार विश्वास ने फेसबुक पर कठोर बयान वाला पोस्ट किया है।

बता दें कि केजरीवाल ने जेएनयू के छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया की गिरफ्तारी के बाद ट्विटर प‌र लिखा कि, 'देश विरोधी ताकतों को कोई समर्थन नहीं देता। लेकिन बेकसूर छात्रों को निशाना बना और उन्हें एक बहाने के तौर पर इस्तेमाल करना मोदी सरकार को महंगा पड़ेगा।'

कुपवाड़ा में एनकाउंटर, पांच आतंकी ढेर

उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में शुक्रवार शाम शुरू हुई मूठभेड़ में आतंकियों से लोहा लेते हुए दो जवान शहीद हो गए। इस दौरान सेना ने पांच आतंकियों को भी मार गिराया।

पुल‌िस अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक कुपवाड़ा जिले के चौकीबल इलाके के एक मकान में कुछ आतंकी छिपे हुए थे। खबर मिलते ही सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप के जवानों ने इलाके में सर्च अभियान शुरू किया।

इसी दौरान आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवानों ने मोर्चा संभालते हुए तुरंत मुंहतोड़ जवाब दिया, लेकिन रात को अंधेरे के चलते ऑपरेशन रोक दिया गया।

अमेरिका के पाक को लड़ाकू विमान देने पर भड़का भारत

अमेरिका जल्द ही पाकिस्तान को एफ-16 लड़ाकू विमान देने जा रहा है। अमेरिका के इस फैसले पर भारत सरकार ने नाराजगी जताई है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने ट्वीट किया, "हम पाकिस्तान को एफ-16 विमान बेचने के लिए ओबामा प्रशासन द्वारा अधिसूचना जारी करने के फैसले से निराश हैं।"

स्वरूप ने अमेरिका के उस तर्क की भी निंदा की जिसमें यह कहा गया है कि इससे पाकिस्तान को आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ने में मदद मिलेगी। स्वरूप ने कहा कि पिछले कई सालों का रिकॉर्ड खुद अपनी कहानी बयान करता है। उन्होंने कहा कि भारत अमेरिकी राजदूत रिचर्ड वर्मा को तलब कर अपनी नाराजगी जताएगा।

अमेरिकी सरकार ने शुक्रवार को कहा कि उसने लॉकहीड मार्टिन कॉर्पोरेशन द्वारा बनाए गए आठ एफ-16 विमान पाकिस्तान को बेचने को मंजूरी दी है। इन विमानों के साथ-साथ राडार और अन्य उपकरण भी पाकिस्तान को दिए जाएंगे। इसके लिए करीब 69.9 करोड़ डॉलर का करार किया गया है।

लखवी के खिलाफ पाक की कार्रवाई दिखावाः हेडली

आतंकी डेविड कोलमैन हेडली ने कहा कि पाकिस्तान ने जो कार्रवाई 26/11 हमले के बाद जकी-उर-रहमान लखवी और हाफिज सईद के खिलाफ की थी वह सिर्फ दिखावा थी। 26/11 हमले के मामले पर सुनवाई के दौरान उसने अमेरिका से वीडियो लिंक के जर‌िए बताया कि ये जानकारी उसे लश्कर के हैंडलर साजिद मीर द्वारा दी गयी।

साथ ही हेडली ने खुलासा किया कि आईएसआई के मेजर इकबाल के कहने पर उसने 2009 में भारतीय सेना के दक्षिणी कमांड के पुणे स्थित हेडक्वाटर्स का दौरा किया था। ताकि कुछ सैनिकों की भर्ती कर उनसे खुफिया जानकारी ली जा सके। वहां मैंने एक वीडियो भी बनाया था।

26/11 हमले के मामले में सरकारी गवाह बने हेडली ने सुनवाई के दौरान बताया कि उसने 2009 में ही अलकायदा के इलियास कश्मीरी के कहने पर पुष्कर, गोवा और पुणे में रेकी की थी।

फैजाबाद में मिला छह दिन से लापता आर्मी का कैप्टन

छह दिन से लापता आर्मी अफसर उत्तर प्रदेश के फैजाबाद ज‌िले में म‌िले। 24 वर्षीय कैप्टन शिखरदीप धवन बिहार के कटिहार से ‌न‌‌िकलने के बाद लापता हो गए थे। शन‌िवार सुबह फैजाबाद में पूछताछ करते हुए पुलिस स्टेशन पहुंचे और पुलिस को अपनी पहचान के साथ सारा मामला बताया।

जानकारी के मुताबिक कैप्टन 6 फरवरी को कटिहार से जम्मू के लिए रवाना हुए थे। पुलिस के मुताबिक कैप्टन को पटना में बेहोश किया गया था, इसके बाद उन्होंने खुद को एक कमरे में कुर्सी से बंधा पाया।

वह किसी तरह रस्सी और खिड़की तोड़कर कामाख्या एक्सप्रेस से फैजाबाद पहुंचे। आज सुबह पुलिस स्टेशन जाकर उन्होंने सारी बात बताई। पुलिस ने पूछताछ के बाद कैप्टन को सेना के हवाले कर दिया है।
विज्ञापन

महिला ऑटो चालक का ऑटो फूंकने पर सीएम ने दिखाई दरियादिली

एनसीआर की एकमात्र महिला ऑटो ड्राइवर रूबी को आज यूपी के सीएम अखिलेश यादव ने एक ऑटो उपहार में दिया है। बता दें कि जब अखिलेश सोशल मीडिया के जरिए रूबी की दर्दभरी कहानी से रूबरू हुए तो उन्होंने रूबी व उसके परिवार को लखनऊ बुलाकर उन्हें ऑटो उपहार में दिया।

सभी तरह की सामाजिक रूढ़ियों को तोड़ते हुए गाजियाबाद की 30 साल की रूबी नोएडा और गाजियाबाद की अकेली महिला ड्राइवर है। तीन बच्चों की मां रूबी सिंघल का परिवार करीब 6 पहले जब आर्थिक मंदी से गुजर रहा था तब उसने ऑटो ड्राइवर बनने की ठानी थी।

ऑटो से होने वाली कमाई से वो न सिर्फ घर का खर्च चलाती है बल्कि अपने बच्चों को भी पढ़ाती है। वो बताती है कि जब उसने ऑटो चालक का काम करने की सोची थी तो उसके पिता और पति दोनों ही उसके ही इस फैसले के खिलाफ थे। उसके पिता ने तो उससे अपने घर में न घुसने तक की बात कह दी थी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें