पठानकोट में हुए आतंकी हमले की साजिश पाकिस्तान में बैठकर अंजाम दी गई, इस बात के सुबूत पाकिस्तान को सौंपने के बाद पाकिस्तान ने आतंकी समूह जैश-ए-मोहम्मद के कई सदस्यों को गिरफ्तार किया है। सूचना ये भी है कि जैश के सरगना मौलाना मसूद अजहर को भी हिरासत में लिया गया है। पाक मीडिया की ओर से इस तरह की खबरें सामने आई हैं। बताया जा रहा है कि उसका भाई रउफ भी हिरासत में है।
पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक आतंकी मामले की जांच कर रही टीम ने जैश-ए-मोहम्मद आतंकी संगठन के अड्डे पर छापा मारा है। इस छापे में कई आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है।
पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक पाकिस्तान के जांच अधिकारियों को भारत भी जांच के लिए भेजा जा सकता है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की अध्यक्षता में आंतरिक सुरक्षा मामलों की कमेटी की बैठक के बाद इसकी जानकारी मीडिया को दी गई है।
इस बैठक में पाकिस्तान के गृहमंत्री चौधरी निसार अली खान, वित्त मंत्री इस्हाक डार, खुफिया विभाग के निदेशक, लाहौर के कोर कमांडर के अलावा सेना और प्रशासन के कई उच्च अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
देर शाम पाक मीडिया की ओर से इस तरह की खबर भी आई की जैश सरगना को भी हिरासत में लिया गया है। उसे उसके भाई रऊफ के साथ अज्ञात स्थान पर रखा गया है। हालांकि अभी इन खबरों की कोई पुष्टि नहीं हो पाई है।
गिरफ्तारी के बाद देर शाम रिहा हुए कीकू शारदा
कपिल शर्मा के चर्चित टीवी शो कॉमेडी नाइट्स विद कपिल में पलक के किरदार में दिखने वाले अभिनेता कीकू शारदा को सुबह पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उन्हें अपने साथ कैथल ले गई जहां से कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए। हालांकि देर शाम उन्हें एक लाख के मुचलके पर जमानत दे दी गई।
बता दें कि मामले में कीकू, सुनील ग्रोवर, अली असगर, राजीव ठाकुर, पूजा बनर्जी, मुन्ना राय, गौतम गुलाटी, सना खान समेत नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। दरअसल नए साल के एक कार्यक्रम के दौरान कीकू गुरमीत राम रहीम के गेटअप में पहुंच गए थे।
इस पर आपत्ति जताते हुए राम रहीम के समर्थक ने कीकू समेत नौ लोग और चैनल के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया था। कैथल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुंबई से कीकू शारदा को गिरफ्तार किया था।
कीकू की गिरफ्तारी पर दिनभर हड़कंप मचा रहा। मीडिया के साथ ही सोशल मीडिया पर दिनभर यही मुद्दा छाया रहा। कॉमेडी के एक एक्ट पर अभिनेता की गिरफ्तारी की हर तरफ से जबरदस्त आलोचना हुई। ट्विटर पर जल्द ही कीकू शारदा ट्रेंड करने लगे। खुद कपिल शर्मा ने ट्वीट कर राम रहीम से निवेदन किया कि कि वह मीडिया के सामने आकर किकू को माफ करें।
वहीं लगातार बढ़ते दबाव और आलोचनाओं के बीच देर शाम पुलिस ने उन्हें एक लाख के मुचलके पर जमानत देकर रिहा कर दिया।
पाकिस्तान और अफगानिस्तान में हमला
बुधवार को पाकिस्तान का क्वेटा और अफगानिस्तान का जलालाबाद शहर बम धमाकों से दहल उठे। क्वेटा में हुए बम धमाके में 14 लोगों की मौत हो गई जबकि जलालाबाद में पाकिस्तानी दूतावास पर हुए हमले में नौ लोगों की मौत हो गई।
पहला धमाका पाकिस्तान में एक पोलियो केंद्र के पास हुआ। पाकिस्तानी अधिकारियों के मुताबिक इस धमाके में 20 लोग घायल भी हुए हैं। बलूचिस्तान के गृह मंत्री मीर सरफराज बुग्ती ने बताया कि ये एक आत्मघाती हमला था। मरने वालों में अधिकांश पुलिस वाले हैं। इनकी संख्या 13 है।
ये पुलिसकर्मी उस केंद्र के बाहर सुरक्षा में तैनात किए गए थे, जहां बच्चों को पोलियो की वैक्सीन दी जा रही थी। सरफराज बुग्ती ने कहा कि ये धमाका बलूचिस्तान में शांति व्यवस्था की राह को रोकने के लिए किया गया लेकिन हम आतंकियों के सामने नहीं झुकेंगे।
वहीं इसके बाद अफगानिस्तान में भारतीय दूतावास के पास स्थित पाकिस्तानी दूतावास को निशाना बनाया गया जिसमें 6 लोगों के मौत की खबर है। मरने वालों में अधिकतर सुरक्षा जवान हैं। ये एक आत्मघाती हमला था। फिलहाल सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर रखा है।
सेना प्रमुख ने एनएसजी कार्रवाई पर दी सफाई
पठानकोट हमले के कई दिनों बाद सेना प्रमुख दलबीर सुहाग का बयान भी सामने आया। उन्होंने कहा पठानकोट के चरमपंथी हमले के बाद ऑपरेशन आसान नहीं था। इस ऑपरेशन में इसलिए ज़्यादा वक़्त लगा क्योंकि हम चाहते थे कि कम से कम लोग हताहत हों।
पठानकोट ऑपरेशन के बाद पहली बार मीडिया के सामने आए आर्मी चीफ ने लगभग सफाई देते हुए कहा कि सेना एनएसजी के तहत काम नहीं कर रही थी। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन की पूरी कमान वेस्टर्न कमांड के हाथ में थी।
एनएसजी को इसलिए बुलाया गया था कि अगर किसी को बंधक बनाया गया हो, तो उनकी मदद ली जा सके। सुहाग ने इस बात से भी इनकार किया कि एजेंसियों में तालमेल की कमी थी। आर्मी चीफ ने कहा कि ऑपरेशन के दौरान एजेंसियों में अच्छा तालमेल देखा गया।
फेसबुक पोस्ट पर मायावती ने छीन लिया टिकट
उत्तर प्रदेश की अतरौली सीट से आगामी विधानसभा चुनाव की प्रत्याशी संगीता चौधरी को उनका फेसबुक पोस्ट इतना भारी पड़ गया कि उनका टिकट ही रद्द कर दिया गया। संगीता को बहुजन समाजवादी पार्टी (बसपा) ने 2017 के विधानसभा चुनावों के लिए अपना प्रत्याशी घोषित किया था।
एक हफ्ते पहले ही मायावती ने संगीता को विधानसभा का टिकट दिया था। उसी दौरान उन्होंने अपने शिष्टाचार का परिचय देते हुए मायावती के पैर छूए और उसकी तस्वीर भी खिंचवाई। इतना ही नहीं संगीता ने उस तस्वीर को फेसबुक पर भी पोस्ट कर किया लेकिन यह पोस्ट उनको इतना भारी पड़ जाएगा उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा होगा। इस तस्वीर में संगीता चौधरी बसपा सुप्रीमो मायावती के पैरों में बैठी नजर आ रही हैं।
इस पोस्ट के बाद कई लोगों ने संगीता को टिकट पाने के लिए बधाई दी लेकिन सोशल मीडिया पर लोगों ने उन्हें अपने निशाने पर ले लिया। लोगों ने उन्हें चाटुकार कहते हुए मायावती पर भी हमला किया। इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर शुरू हुए विवाद से नाराज होकर बसपा सुप्रीमो मायावती ने चौधरी का टिकट रद्द कर दिया।
नहीं रहे पाकिस्तान को धूल चटाने वाले जनरल जैकब
1971 के बांग्लादेश युद्ध में अहम भूमिका निभाने वाले ले। जनरल (रिटायर्ड) जैकब का दिल्ली में निधन हो गया है। वह 92 साल के थे। जैकब गोवा और पंजाब के राज्यपाल भी रहे।
वह जैकब ही थे जिन्हें मानेकशॉ ने आत्मसमर्पण की व्यवस्था करने ढाका भेजा था। उन्होंने ही जनरल नियाजी से बात कर उन्हें हथियार डालने के लिए राजी किया था।
जैकब ने 1971 के अभियान पर दो पुस्तकें लिखी हैं। जैकब का जन्म कलकत्ता (कोलकाता) में वर्ष 1923 में हुआ था। सेना में 36 साल के अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने द्वितीय विश्व युद्ध और 1965 में भारत-पाकिस्तान युद्ध में भी बहादुरी दिखाई।
1971 में पाकिस्तान से हुए युद्ध में उन्होंने ही पाकिस्तानी सेना को आत्मसमर्पण की शर्तें सुनाई। जिसमें ये शर्त थी कि पाकिस्तानी सेना न सिर्फ भारतीय सेना के सामने आत्मसमर्पण करेगी बल्कि बांग्लादेश मुक्ति वाहिनी के सामने भी आत्मसमर्पण होगा।
पठानकोट शहीदों के परिजनों से मिले केजरीवाल
आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल बुधवार को पठानकोट पहुंचे। इस दौरान वे आतंकी हमले में शहीद हुए सैनिकों के परिजनों से मिले। सबसे पहले केजरीवाल अमृतसर एयरपोर्ट उतरे और पठानकोट रवाना हुए।
यहां से वे जिले पठानकोट के गांव झंडा गुजरां में शहीद जवान फतेह सिंह के परिजनों से मिले। उनके साथ एडवोकेट एचएस फुलका, सुच्चा सिंह छोटेपुर भी मौजूद थे। पत्रकारों से बातचीत में केजरीवाल ने बताया कि आने वाले समय में हमारा पूरा फोकस पंजाब पर ही रहेगा।
इस दौरान राजनीति में काफी बदलाव देखने को मिलेंगे। गौरतलब है कि शनिवार को मोदी ने पठानकोट एयरबेस का दौरा कर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया था। अब केजरीवाल शहीदों के परिजनों से मिलने पहुंचे है। आम आदमी पार्टी पहले से मोदी के पाक दौरे की मुखालफत करती आ रही है।