फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

न्यूज राउंडअपः ये रहीं दिनभर की महत्वपूर्ण खबरें

विज्ञापन
विज्ञापन
प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को संसद में विपक्षियों पर जमकर निशाना साधा। प्रधानमंत्री खड़े तो हुए थे राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद देने के लिए लेकिन इस मौके को उन्होंने कांग्रेस के खिलाफ जमकर भुनाया।
विज्ञापन


संसद में हंगामे से सरकार का कम और जनता का नुकसान ज्यादा होता है। इससे भी ज्यादा विपक्ष के सांसदों का नुकसान होता है। मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी, इंदिरा गांधी और जवाहर लाल नेहरु की बातों को याद कर उससे विपक्ष को सीख लेने की बात कही।

मोदी ने संसद में लटके कई बिलों की बात उठाई। उन्होंने कहा जीएसटी बिल समेत सभी बिल आपके (कांग्रेस) ही हैं इनको पास करवाने में सहयोग दीजिए। राहुल पर हमला करते हुए मोदी ने कहा विपक्ष में भी कई प्रतिभाशाली नेता हैं लेकिन उन्हें बोलने का मौका नहीं दिया जाता। ऐसा इसलिए क्योंकि विपक्ष को लगता है कि कहीं वह उनसे आगे न निकल जाएं।
विज्ञापन


विपक्ष पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कांग्रेस ने गरीबी की जड़ों को इतना गहरा कर दिया है कि नई सरकार को इसको खत्म करने के लिए बहुत ज्यादा मेहनत करनी पड़ रही है।

पक्ष-विपक्ष की लड़ाई की वजह से अफसर हमारा सम्मान नहीं करते और इसकी वजह से वह अपने दायित्वों के निर्वहन में आनाकानी करते हैं। प्रधानमंत्री ने राहुल गांधी पर बड़ों का आदर नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जो ऑर्डिनेंस लेकर आए थे उसे राहुल ने फाड़ दिया।

राहुल गांधी रहे मोदी के निशाने पर

अपनी वाकपटुता के ‌लिए प्रसिद्ध प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विपक्षियों पर निशाना साधने का कोई मौका नहीं छोड़ते, खासकर सामने कांग्रेस हो तो उनका लहजा देखने लायक रहता है। गुरुवार को राष्ट्रपति के भाषण पर धन्यवाद भाषण देने के‌ लिए खड़े हुए पीएम मोदी ने अलग ही अंदाज में कांग्रेस पर वार किया।

उनके निशाने पर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ही ज्यादा रहे। कटाक्ष भरे लहजे के साथ उन्होंने राहुल की छवि और उनकी गंभीरता पर ही सवाल खड़ा कर दिया। कई उदाहरणों के साथ उन्होंने मौकों मौकों पर राहुल की काबिलियत को भी कटघरे में खड़ा कर दिया।

कुछ लोगों की उम्र बढ़ती है लेकिन समझ नहीं
भाषण के दौरान मोदी ने मेक इन इंडिया अभियान की आलोचना करने वालों को आड़े हाथ लिया। कहा कुछ लोग मेक इन इंडिया का मजाक उड़ा रहे हैं, ऐसे कह रहे हैं जैसे हम भीख का कटोरा लेकर निकले हों। इसी पर कटाक्ष करते हुए कहा कुछ लोगों की उम्र बढ़ती है लेकिन समझ कभी नहीं बढ़ती, वो मंदबुद्िध के हैं, बात देर से समझ में आती है और जब नहीं आती तो विरोध करने लगते हैं। साफ है उनका सीधा सीधा इशारा राहुल गांधी की ओर था।

जमानत के बाद तिहाड़ जेल से रिहा हुए कन्हैया

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्र संघ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार को दिल्ली हाईकोर्ट की अंतरिम जमानत के बाद रिहा कर दिया गया। कन्हैया कुमार को रिहाई के बाद कहां ले जाया गया ये अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। तिहाड़ से उसे गुपचुप तरीके से बाहर निकाला गया।

हालांकि कहा जा रहा है कि कन्हैया को रिहाई के बाद जेएनयू कैंपस ले जाया जाएगा, लेकिन अभी इसकी कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिली है। पटियाला हाउसकोर्ट में कन्हैया कुमार पर हुए हमले के बाद पुलिस उसकी सुरक्षा को लेकर काफी सजग नजर आ रही है।

बुधवार को हाईकोर्ट ने कन्हैया को 6 महीने की अंतरिम जमानत दी। भले ही कन्हैया को हाईकोर्ट से कल शाम 7 बजे जमानत मिल गई थी, लेकिन देर होने के चलते उसे जेल से छुट्टी नहीं मिल सकी थी।

बता दें कि दिल्ली पुलिस ने कोर्ट में कन्हैया कुमार की जमानत का विरोध किया था, लेकिन पुलिस कोई पुख्ता सबूत पेश नहीं कर पाई। इससे पहले 29 फरवरी को जमानत पर हुई बहस के बाद कोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था।

राजनाथ ने कठेरिया को दी क्लीन चिट

उत्तर प्रदेश केआगरा में केंद्रीय राज्य मंत्री राम शंकर कठेरिया के कथित भड़काऊ भाषण पर गृहमंत्री राजनाथ सिहं उन्हें क्लीनचिट दे दी है। उन्होंने कहा कि मैंने राम शंकर कठेरिया का भाषण सुना है और हम सभी इस बात पर राजी हैं कि उसमें कुछ भी भड़काऊ नहीं है।

उन्होंने कहा कि दुनिया में सबसे सेक्यूलर देश यदि कोई है तो वह भारत है और कोई एक दल देश की एकता और अखण्डता को बचा कर नहीं रख सकता। इसके लिए हम सभी प्रयासरत रहना होगा। सांप्रदायिक सद्भाव सरीखे मुद्दों को राजनीति के हानि और लाभ के मानकों पर नहीं तय किया जाना चाहिए। संप्रादायिक सद्भाव केवल न्याय और मानवता की कसौटी पर ही तय किए जा सकते हैं।

अशफाकउल्लाह खान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 'जब उनसे उनकी आखिरी इच्छा पूछी गई तो उन्होंने कहा कि उनकी मां तक यह संदेश पहुंचा देना कि उनका बेटा फांसी के तख्त पर खड़े होकर शादी रचाने जा रहे है।' राजनाथ ने आगे कहा कि उस अशफाकउल्लाह ने भी इस देश को आजादी दिलाई है तो हम यह कैसे कह सकते हैं कि इस देश का मुसलमान राष्ट्रवादी नहीं है। राजनाथ ने आगे कहा कि कोई चाहे किसी भी धर्म को मानने वाला क्यों न हो, जो भी भारत में रहते हैं हम सबको राष्ट्रवादी मानते हैं।

मारुति ने बढ़ा दिए कारों के दाम

बजट में वित्तमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं का असर दिखना शुरू हो गया है, सबसे पहला झटका लगा है कार खरीदने वालों को। देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति ने अपनी कारों की कीमत में अधिकतम 34,494 रुपये तक की वृद्िध कर दी है। केन्द्रीय बजट में बुनियादी ढांच पर लगाए गए उपकर की वजह से कार कंपनियों ने अपने वाहनों की कीमत में इजाफा करना शुरू कर दिया है।

टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के अनुसार मारुति सुजुकी ने बयान जारी कर बताया कि केन्द्रीय बजट में ऑटोमोबाइल पर बुनियादी ढांचे पर बढ़ाए गए उपकर की वजह से कंपनी को अपनी विभिन्न कारों की कीमत पर 1,441 से 34,494 रुपये तक की वृद्िध करनी पड़ रही है।

सियाज एसएचवीएस और अर्टिगा एसएचवीएस को सेस में छूट की वजह से इन कारों की कीमत में बदलाव नहीं किया गया है। कंपनी फिलहाल अल्टो 800 से लेकर प्रिमियम क्रॉसओवर एस क्रॉस तक की बिक्री करती है, जिनकी कीमत 2.54 लाख से लेकर 11.69 लाख रुपये तक है।

सलमान खान 10 को होंगे जोधपुर कोर्ट में पेश

हिरण शिकार में अवैध हथियार के इस्तेमाल के आरोपी अभिनेता सलमान खान को 10 मार्च को जोधपुर की अदालत ने तलब किया है। करीब 17 साल से चल रहे मामले में इस दिन सलमान खान का बयान होगा। सलमान के बयान के बाद इस मामले की अंतिम बहस होगी।

मामले में जल्दी फैसला आने की उम्मीद है। मामले के तहत वर्ष 1998 में जोधपुर में हम साथ-साथ है की शूटिंग के दौरान सलमान खान पर तीन अलग-अलग स्थान पर हिरण शिकार के आरोप हैं।

इस दौरान उनके कमरे से लाइसेंस अवधि पार की एक पिस्टल व राइफल बरामद की। इसके बाद सलमान पर आम्र्स एक्ट के तहत एक अलग से मुकदमा और दर्ज किया गया था। आर्म्स एक्ट मामले में सलमान ने सीजेएम जोधपुर (ग्रामीण) की अदालत में खुद को बेगुनाह बताते हुए पांच और गवाहों को बुलाने की इजाजत मांगी थी।

उच्च न्यायालय के आदेश के बाद इन सभी पांचों गवाहों से जिरह पूरी हो गई है। अब सलमान को अदालत ने 10 मार्च को हाजिर होने को कहा है। अदालत में सलमान को आरोप सुनाए जाएंगे और सफाई देने का मौका मिलेगा। सलमान को वकीलों के सवालों के जवाब भी देने होंगे। इसके बाद मामले की अंतिम बहस शुरू होगी।

मार्टिन क्रो का कैंसर से निधन

अपने दिलकश शॉट से प्रशंसकों का दीवाना बनाने वाले न्यूजीलैंड के महान बल्लेबाज और पूर्व कप्तान मार्टिन क्रो का साथ अब इस दुनिया से खत्म हो गया है। आज सुबह ऑकलैंड में कैंसर से उनका निधन हो गया। वह महज 53 साल के थे।

पूर्व कप्तान मार्टिन क्रो 2012 से लिम्फोमा से ग्रसित थे और उन्होंने जीवन के अंतिम समय में सार्वजनिक जीवन में दिखना बंद कर दिया था। क्रो के निधन पर उनके घर से जारी बयान में कहा गया, "मार्टिन क्रो का परिवार उनके निधन से काफी सदमे में है। परिवार चाहती है कि इस दुख की घड़ी में उन्हें अकेला छोड़ दिया जाए। आज उनका निधन हो गया।"

2012 में इस महान बल्लेबाज के बारे में पता चला कि उन्हें कैंसर हैं। इसके बाद उन्होंने कीमोथैरेपी कराई और इस खतरनाक बीमारी से निजात भी मिल गई थी। लेकिन सितंबर 2014 में फिर से कैंसर ने उन्हें अपनी पकड़ में ले लिया।

दाएं हाथ के बल्लेबाज रहे मार्टिन ने अपने 13 साल के करियर में कुल 77 टेस्ट और 143 वनडे मैच खेले थे। उन्होंने टेस्ट करियर में 17 शतकों के साथ 45.36 की औसत से कुल 5444 रन बनाए थे। उन्हें न्यूजीलैंड का सबसे महान बल्लेबाज माना जाता है और उनका स्विप शॉट खेलने का अंदाज बेहद शानदार था।

दो बच्चों को मारकर थाने पहुंच गया पिता

लखनऊ में एक पिता ने गुस्से में आकर अपने दो बच्चों को मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद पुलिस स्टेशन जाकर आत्मसमर्पण किया।

जानकारी के मुताबिक के बाजारखाला के अंतर्गत तिलकनगर निवासी अ‌व‌िनेश वाजपेई ने अपने दस माह के बेटे और ढाई साल की बेटी की जान ली ले। आरोपी ने पहले दोनों बच्चों को पीटा फिर तकिये से मुंह दबाकर दस महीने के बेटे की जान ली फिर बेटी को भी मार दिया।

बताया जा रहा है कि हत्यारोपी अव‌िनेश की पत्नी सुषमा की मौत दस महीने पहले बेटे की डिलीवरी के वक्त हो गई थी जिस वजह से वह काफी तनाव में रहता था। जानकारी के मुताबिक आज सुबह से वह बच्चों को अकेले संभाल रहा था। बच्चे परेशान कर रहे थे तो गुस्से में आकर उसने उन्हें मौत के घाट उतार दिया।

आरोपी अपने भाई-भाभी के साथ रहता था वारदात के वक्त घर पर कोई नहीं था। आरोपी की भाभी श्वेता ने बताया, वह पीजीआई क्षेत्र स्थित अपने मायके गई थी। जब लौटी तो बिस्तर पर तकिया और तार पड़ा था और बच्चे मरे पड़े थे।
विज्ञापन

नार्थ कोरिया ने किया मिसाइल परीक्षण

उत्तर कोरिया ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रतिबंधों के बाद कम दूरी की मिसाइलों का परीक्षण किया है। इससे कुछ देर पहले ही सुरक्षा परिषद ने प्योंगयांग पर 20 साल में पहली बार कुछ नए कड़े प्रतिबंध लगाए थे।

दक्षिण कोरिया के रक्षा मंत्रालय ने उत्तरी किनारे पर समुद्र में कुछ नई मिसाइलों के परीक्षण की पुष्टि की है। उत्तर कोरिया के नए परीक्षणों से कोई सीधा खतरा नहीं बताया गया है लेकिन इसे संयुक्त राष्ट्र के क़दम के जवाब की तरह देखा जा रहा है।

कई जानकारों की नज़र में संयुक्त राष्ट्र के प्रतिबंधों ने दोनों देशों के संबंधों में तनाव को और बढ़ा दिया है। अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत कम दूरी की मिसाइलों के परीक्षण की इजाजत है, लेकिन लंबी दूरी की मिसाइलों की नहीं। बताया जा रहा है कि इस मिसाइलों की मारक दूरी 160 किलोमीटर तक है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें