नया साल शुरू होने में कुछ ही दिन बचे हैं। हर किसी को इंतजार है अगले साल की छुट्टियों का। इस साल की तरह अगले साल छुट्टियों का अकाल नहीं होगा।
इस साल कई पर्व रविवार को आने से कई छुट्टियां खराब हो गईं। अगले साल दो या तीन छुट्टियां ही रविवार को पड़ रही हैं। अगले साल अधिकतर छुट्टियां मंगलवार या वीरवार को होंगी।
कर्मचारी चाहें तो एक दिन की सीएल लेकर चार छुट्टियों का आनंद ले सकते हैं। साल में कई बार ऐसा संयोग बन रहा है।
अक्तूबर में तो छुट्टियों का ऐसा संयोग है कि एक सीएल लेकर एक सप्ताह की छुट्टियों का मजा लिया जा सकता है।
नए साल की पहली छुट्टी 7 जनवरी को गुरु गोबिंद सिंह जयंती की होगी।
7 जनवरी को मंगलवार है। इसके बाद अगली छुट्टी गणतंत्र दिवस की होगी। 26 जनवरी को रविवार होने के कारण कर्मचारियों की छुट्टी खराब हो जाएगी।
फरवरी में तीन छुट्टियां होंगी। 4 फरवरी (मंगलवार) को बसंत पंचमी , 14 फरवरी (शुक्रवार) को गुरु रविदास जयंती और 27 फरवरी (वीरवार) को शिवरात्रि की छुट्टी है। मार्च में सिर्फ 17 मार्च को होली (सोमवार) की छुट्टी है।
अप्रैल में चार छुट्टियां होंगी। बैसाखी और महावीर जयंती एक ही दिन 13 अप्रैल को होने और उस दिन रविवार होने के कारण अप्रैल की एक छुट्टी खराब हो जाएगी।
अप्रैल की पहली छुट्टी 8 अप्रैल (मंगलवार) को रामनवमी की है। 14 अप्रैल (सोमवार) को डॉ. बीआर अंबेडकर जयंती की छुट्टी है। 18 अप्रैल (शुक्रवार) को गुड फ्राइडे की छुट्टी है।
मई और जून में कोई छुट्टी नहीं है। 29 जुलाई को ईद-उल-फितर (मंगलवार) की छुट्टी है।
अगस्त में सरकारी कर्मचारियों को लंबा वीकेंड मिलेगा। 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस की छुट्टी है और उस दिन शुक्रवार है। इसके बाद 18 अगस्त को श्री कृष्ण जन्माष्टमी है और इस दिन सोमवार है।
ऐसे में कर्मचारियों की चार दिन की छुट्टियां एक साथ मिलेंगी। इससे पहले 10 अगस्त (रविवार) को रक्षाबंधन है।
सितंबर में सिर्फ 25 सितंबर को अग्रसेन जयंती की छुट्टी है। अक्तूबर में भी कई छुट्टियां हैं। पहली छुट्टी 2 अक्तूबर (वीरवार) को गांधी जयंती की है।
इसके बाद 3 अक्तूबर (शुक्रवार) को दशहरे की छुट्टी है। 6 अक्तूबर (सोमवार) को बकरीद है और 8 अक्तूबर (बुधवार) को वाल्मीकि जयंती है।
ऐसे में अगर 7 अक्तूबर की सीएल ले ली जाए तो कर्मचारी एक सप्ताह की छुट्टी का मजा ले सकते हैं। इसके बाद 23 अक्तूबर (मंगलवार) को दीवाली है।
नवंबर में भी कई छुट्टियां हैं। 4 नवंबर (मंगलवार) को मोहर्रम है और 6 नवंबर (वीरवार) को गुरु नानक देव जयंती है। 24 नवंबर (सोमवार) को गुरु तेग बहादुर शहीदी दिवस की छुट्टी है।
दिसंबर में सिर्फ क्रिसमस की 25 दिसंबर को छुट्टी है।