भारतीय जनता पार्टी 2014 में होने वाले आम चुनावों के लिए जल्द ही नया नारा जारी कर सकती है, ताकि मतदाताओं के बीच जोश और भरोसा पैदा किया जा सकेगा।
सूत्रों की मानें, तो भगवा दल का नया नारा होगा 'नई सोच, नई उम्मीद।' इस नारे के साथ भाजपा के पोस्टर पर पार्टी के निशान कमल के फूल के साथ प्रधानमंत्री पद के प्रबल दावेदार के रूप में उभरे नरेंद्र मोदी को जगह दी जाएगी।
भाजपा नए-नए मंचों और तरीकों से मतदाताओं तक पहुंचने की हरसंभव कोशिश कर रही है। सोशल मीडिया, मोबाइल, ऐप्स, ईमेल और वेबसाइट पर उसका खास ध्यान है।
पार्टी की युवा इकाई भारतीय जनता युवा मोर्चा ने भी नया अभियान छेड़ा है, जिसमें गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को 'यूथ आइकन' के रूप में पेश किया गया है।
वह टीशर्ट जैसे प्रमोशनल आइटम का इस्तेमाल कर रही है, ताकि युवाओं के बीच पैठ बनाई जा सके। दरअसल, भाजपा के नौजवानों पर फोकस करने की वाजिब वजह भी है।
अपना देश 2020 तक दुनिया का सबसे नौजवान देश बन जाएगा और आबादी का 64 फीसदी हिस्सा कामकाजी लोगों का है।