लोकसभा चुनाव के तीन चरणों के मतदान के बाद अब कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के पास जमीनी रिपोर्ट आना शुरू हो गई है। पार्टी के महासचिवों को मिल रहे फीडबैक के अनुसार कांग्रेस के कई बड़े उम्मीदवारों के खिलाफ नकारात्मक रिपोर्ट है।
उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में पार्टी के कई नामी उम्मीदवार भाजपा के सामने कमजोर पड़ रहे हैं। जबकि भाजपा के कई उम्मीदवार कमजोर उम्मीदवार होने के बावजूद पार्टी के प्रधानमंत्री उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की वजह से वे कांग्रेस उम्मीदवारों को परेशान कर रहे है।
कांग्रेस के महासचिव यह भी बता रहे है कि भाजपा के कई बड़े उम्मीदवार जो कि हारने की स्थिति में थे। मोदी की वजह से चुनावी मुकाबले में बढ़त की स्थिति में आ गए हैं।
मोदी का 24 घंटे बिजली का वायदा
पार्टी महासचिवों को मिली रिपोर्ट में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश में मोदी के 24 घंटे बिजली देने का वायदा सबसे ज्यादा असर कर रहा है।
पार्टी के एक महासचिव ने बताया कि शाहजहांपुर लोकसभा सीट पर भाजपा की उम्मीदवार कृष्णा राज को पिछले विधानसभा चुनाव में सिर्फ 11 हजार वोट मिले थे।
मगर मोदी के प्रचार अभियान के चलते वह कांग्रेस उम्मीदवार चेत राम के लिए परेशानी का सबब बन रही हैं। उम्मीदवार ने हाईकमान को शिकायत दर्ज कराई है कि राहुल गांधी की रैली उनके यहां से नहीं होने के चलते उनकी स्थिति कमजोर पड़ रही है। पीलीभीत से मेनका गांधी के खिलाफ काफी विरोध है। मगर मोदी के असर के चलते उनकी नैया पार हो सकती है।
रीता बहुगुणा जोशी मुश्किल में?
कांग्रेस उम्मीदवार संजय कपूर मुश्किल में है। सुल्तानपुर में वरूण गांधी भले मोदी का प्रचार में कम उल्लेख कर रहे हों मगर कांग्रेस की अंदरुनी रिपोर्ट में यहां भी मोदी का फैक्टर है।
लखनऊ में रीता बहुगुणा जोशी भी मुश्किल में घिर गई हैं। पार्टी की रिपोर्ट है कि सपा की ओर से अभिषेक मिश्रा को मैदान में उतारे जाने के बाद बहुगुणा की मुश्किलें ज्यादा बढ़ गई हैं। इसी तरह उत्तराखंड में हरिद्वार, टिहरी और गढ़वाल की सीट से पार्टी को नकारात्मक रिपोर्ट मिली है।
हरिद्वार से मुख्यमंत्री हरीश रावत की पत्नी रेणुका रावत और टिहरी से विजय बहुगुणा उम्मीदवार हैं। उधर, पंजाब में आनंदपुर साहेब से अंबिका सोनी और गुरूदासपुर से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रताप सिंह बाजवा के भी चुनावी मुश्किलों में फंसे होने की रिपोर्ट मिल रही है।
राजस्थान में सी पी जोशी, सचिन पायलट, ज्योति मिर्धा, नमोनारायण मीणा और गिरिजा व्यास को मुश्किलों को सामना करना पड़ रहा है तो छत्तीसगढ़ से महासमुंद से अजित जोगी भी संकट में है।