ओडिसा के मलकानगिरी जिले में शुक्रवार को पांच महिलाओं सहित 12 नक्सलियों ने पुलिस के सामने समर्पण किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार समर्पण करने वाले सभी नक्सली समाज की मुख्य धारा में लौटना चाहते हैं।
इन्होंने अपने वरिष्ठों पर शोषण का आरोप लगाया है। महिला नक्सलियों ने तो यौन शोषण का भी आरोप लगाया है। जिला पुलिस अधीक्षक अखिलेस्वर सिंह ने कहा कि इनमें से अधिकांश नक्सल प्रभावित जिले के आंध्र प्रदेश से सटे पोपलुर दलाम और कालीमेला दलाम इलाके के हैं।
कानागुदा गांव का मूका मदकामी कालीमेला दलाम में असिस्टेंट कमांडर के रूप में कार्य करता था। उसकी पत्नी गौरी मताम (सबिता) भी पोपलुर दलाम में पिछले पांच सालों से असिस्टेंट कमांडर के रूप में कार्य कर रही थी।
चार अन्य महिला नक्सलियों में कोसुलकुंडा गांवा की इरनी माधी, सुबर्ना खारा (जयंती) , पूर्णिमा खारा (निर्माला) और कुंतीपदार गांव की मुक्ति खिला शामिल हैं। समर्पण करने वाले अन्य पुरुषों में उधाब कंतारी, बुद्दू खारा, कोसा मदकामी, समारा बोगदाइत और मुक्का मदकामी हैं।
यह सभी हत्या, पुलिस से मुठभेड़, लैंड माइन में विस्फोट, लूटपाट, फिरौती सहित वाहनों को जलाने आदि मामले में शामिल रहे हैं। उल्लेखनीय है कि पिछले चार माह में 50 से अधिक नक्सली समर्पण कर चुके हैं।