मनोनीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ शामिल हो सकते हैं। उनकी पार्टी पीएमएल (एन) इसपर सकारात्मक रुख दिखाया है।
नवाज शरीफ की पार्टी के प्रवक्ता सिद्दीक उल फारुख ने कहा कि है पाक प्रधानमंत्री भारत के पीएम के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हो सकते हैं।
वहीं, पाकिस्तान विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता तसनीम असलम ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के भारत जाने के संबंध में गुरुवार शाम को फैसला लिया जा सकता है।
पाकिस्तान ने भारत स्थित पाक उच्चायोग को भी नवाज शरीफ की भारत यात्रा को लेकर तैयारियों के निर्देश दिए गए हैं। नरेंद्र मोदी 26 मई को शाम 6 बजे राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे।
उमर, दिग्विजय ने की मोदी की तारीफ
कूटनीतिक विशेषज्ञों और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी नवाज को न्योता भेजे जाने पर मोदी की तारीफ की है। कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने भी ट्वीट करके नरेंद्र मोदी के इस कदम का स्वागत किया है।
दरअसल मोदी ने आम चुनाव के दौरान आतंकवाद, सीज फायर के लगातार उल्लंघन, सीमा पर तनातनी को लेकर पूर्ववर्ती सरकार के ढीले रुख पर हमला बोलने के साथ ही पाकिस्तानी नेतृत्व पर भी लगातार निशाना साधा था।
सूत्रों के मुताबिक मोदी ने शरीफ को निमंत्रण भेज कर अपनी ओर से संबंध सुधारने की पहल की है।
पहली बार विदेशी राष्ट्राध्यक्षों को न्योता
गौरतलब है कि नरेंद्र मोदी ने एक नई पहल करते हुए 26 मई को होने वाले अपने शपथ ग्रहण समारोह में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ सहित सार्क देशों के सभी राष्ट्राध्यक्षों को आमंत्रित किया है।
अपने इस कूटनीतिक दांव के जरिए मोदी ने भावी सरकार के एजेंडे में पड़ोसी देशों से संबंध सुधारने को प्रमुखता से रखने का संदेश दिया है। यह पहली बार है कि पीएम के शपथ ग्रहण समारोह में विदेशी राष्ट्राध्यक्षों को न्योता दिया गया है।
विदेश सचिव सुजाता सिंह की ओर से भेजे गए निमंत्रण के बाद दक्षिण एशियाई देशों की राजनीति में भी हलचल शुरू हो गई है।