अगर आपका खाता किसी सरकारी बैंक में है तो बुधवार को आपको परेशानी का सामना करना पड़ सकता है, क्योंकि सार्वजनिक क्षेत्र के सभी बैंकों के कर्मचारी और अधिकारी वेतन में बढ़ोतरी की मांग को लेकर देशव्यापी हड़ताल करेंगे।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के संयोजक एमवी मुरली ने बताया कि वेतन बढ़ोतरी के मसले पर इंडियन बैंक एसोसिएशन (आईबीए) के साथ मंगलवार की बातचीत विफल हो गई।
आईबीए 11 फीसदी वेतन बढ़ोतरी के पुराने रुख पर कायम है, जबकि बैंक कर्मी 23 फीसदी से कम बढ़ोतरी नहीं चाहते। इसलिए बुधवार को सार्वजनिक क्षेत्र के सभी बैंक बंद रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि यूएफबीयू से स्टेट बैंक के अधिकारियों और कर्मचारियों का संगठन भी जुड़ा हुआ है।