राष्ट्रपति चुनाव में उम्मीदवारी को लेकर अभी भी स्थिति साफ नहीं हो पाई है। हालांकि केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी के अफगानिस्तान की प्रस्तावित यात्रा स्थगित होने से यूपीए द्वारा उन्हें राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाए जाने की अटकलों को बल मिला है।
प्रणब मुखर्जी को 14 जून को काबुल जाना था। सोमवार देर रात कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ बैठक के बाद उन्होंने यह प्रस्तावित यात्रा रद्द कर दी। इधर माना जा रहा है कि सोनिया गांधी अलगे चार दिनों में राष्ट्रपति पद के लिए संप्रग उम्मीदवार की घोषणा कर सकती है।
इधर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह मैक्सिको और ब्राजील की यात्रा पर 16 जून को रवाना होने वाले हैं। ऐसे में इससे पहले राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार की घोषणा किए जाने की संभावना है क्योंकि प्रधानमंत्री 24 जून को भारत लौटेंगे।
हालांकि ऐसी भी संभावना है कि कांग्रेस इस संबंध में प्रधानमंत्री के लौटने के बाद भी फैसला ले सकती है। राष्ट्रपति चुनाव के लिए आमतौर पर 10 से 12 जून के बीच अधिसूचना जारी होती रही है लेकिन इस बार इसमें कुछ बिलंव हो रहा है।