सरदार वल्लभभाई पटेल की स्मृति में प्रस्तावित ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ के लिए गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के किसानों से लोहे के छोटे-छोटे टुकड़े इकठ्ठा करेंगे। इसके लिए उन्होंने राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू करने की घोषणा की है।
पशुधन और दुग्ध विकास पर आयोजित अखिल भारतीय सम्मेलन के उद्घाटन के मौके पर मोदी ने कहा, ‘सरदार पटेल की जन्मतिथि 31 अक्टूबर, 2013 से हम राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू करेंगे। इस दौरान हम देश के पांच लाख से भी ज्यादा गांवों में किसानों से लोहे के छोटे-छोटे हिस्से इकठ्ठा करेंगे। इसका उपयोग प्रतिमा निर्माण करने के लिए किया जाएगा।’
‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ धरती का सबसे ऊंचा स्टैच्यू होगा, यह मोदी सरकार की सबसे महत्वाकांक्षी योजना है। दक्षिणी गुजरात की नर्मदा नदी के ऊपर बने सरदार सरोवर डैम के सामने इस 182 मीटर ऊंची प्रतिमा का निर्माण किया जाएगा।
मोदी ने कहा, ‘सरदार पटेल ने पूरे देश को एक किया था। लेकिन धीरे-धीरे उन्हें भुलाया जा रहा है। उन्हें फिर से याद करने और भारत के लौहपुरुष को सच्ची श्रृद्धांजलि देने के लिए इस प्रतिमा का निर्माण किया जाएगा। इसकी ऊंचाई न्यूयॉर्क के स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी से दोगुनी होगी।’
उन्होंने कहा, ‘सरदार पटेल एक किसान भी थे, जिन्होंने किसानों को स्वतंत्रता आंदोलन के साथ जोड़ा। हम सभी किसानों से आग्रह करते हैं कि वह उन लोहे का छोटे-छोटे पीस दान करें, जिनका इस्तेमाल खेती में किया जाता है। इन लोहे के टुकड़ों को गलाकर प्रतिमा बनाने में उपयोग किया जाएगा।’