प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नेपाल के जनकपुर में प्रस्तावित जनसभा को रद्द कर दिया गया है। इस दौरे को अंतिम क्षणों में रद्द किया गया है। बताया जाता है कि कुछ राजनीतिक पार्टियों के मोदी के स्वागत के लिए बनी तैयारी समिति में उन्हें शामिल नहीं किए जाने पर हुए विरोध के चलते यह दौरा रद्द किया गया है। मोदी के इस कार्यक्रम के रद्द होने से नेपाल के लोगों में काफी रोष है।
मोदी 18वें सार्क सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए 25 नवंबर को नेपाल जा रहे हैं। सार्क सम्मेलन का आयोजन 26 और 27 नवंबर को होना है। प्रधानमंत्री को पुवहां पर जनकर, लुंबिनी और मुक्तिनाथ में आयोजित एक जनसभा को भी संबोधित करना था साथ ही उन्हें इसी दौरान एक समारोह में साइकिल वितरण कार्यक्रम में भी हिस्सा लेना था। मगर अब मोदी के जनकपुर दौरे को रद्द कर दिया गया है।
जनकपुर में तैयारी समिति के प्रमुख और बुनियादी विकास व परिवहन मंत्री बिमलेंद्र निधि ने कहा, ‘मुझे विदेश मंत्रालय ने मोदी का धार्मिक स्थल का दौरा रद्द होने के बारे में सूचना दी।’ हालांकि, मोदी के लुंबिनी और मुक्तिनाथ के प्रस्तावित दौरे के रद्द होने के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।