गुजरात में 2004 के फर्जी एनकाउंटर मामले में सीबीआई द्वारा बुधवार को अहमदाबाद की विशेष सीबीआई अदालत में दायर चार्जशीट को लेकर इशरत जहां का परिवार काफी खुश है।
हालांकि, परिजनों का कहना है कि गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी का भी नाम इशरत की हत्या की साजिश करने वालों में शामिल होना चाहिए।
पढ़ें:- क्या है इशरत जहां फर्जी एनकाउंटर केस?
जब इस बारे में इशरत की मां शमीमा कौसर से बात की गई तो उन्होंने भावुक होकर कहा, ‘इशरत के निर्दोष होने और उसकी फर्जी मुठभेड़ में हत्या किए जाने की जो बात वह पिछले नौ साल से बार बार कह रही हैं, उसकी पुष्टि सीबीआई ने अब जाकर की है। हमें कुछ नेताओं और पुलिसवालों की वजह से ऐसी मुश्किलों का सामना करना पड़ा है। हत्या करने वाले आरोपियों के नाम चार्जशीट में नहीं हैं। मुझे उम्मीद है कि जिन लोगों ने हत्या की साजिश रची, उन्हें कड़ी सजा मिलेगी।’
पढ़ें:- फर्जी था इशरत जहां का एनकाउंटर: सीबीआई
वहीं इशरत की बहन मुशरत ने मुख्यमंत्री मोदी पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसे संदेह है कि उसकी बहन की हत्या में मोदी का भी हाथ था।
पढ़ें:- मोदी और उनके मंत्री बचे, संतरी फंसे
मुशरत ने कहा कि इशरत हमारे पिता के 2002 में मरने के बाद परिवार में इकलौती कमाने वाली थी। मुठभेड़ में बहन की हत्या के बाद उसके भाई को कहीं नौकरी नहीं मिली और हमारी बहनों की शादी नहीं हो सकी।