विधानसभा चुनाव हारने के बाद पहली बार मीडिया से मुखातिब पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे ने उद्धव ठाकरे पर हमला बोलते हुए कहा कि दिवंगत शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे
ने शिवसैनिकों को स्वाभिमान सिखाया था लेकिन उनके पुत्र ने सत्ता की खातिर भाजपा के सामने घुटने टेक दिए हैं।
राणे ने उद्धव के साथ नए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि फडनवीस स्वच्छ छवि के नेता हैं लेकिन उनमें न तो प्रशासनिक अनुभव है और न ही निर्णय लेने की क्षमता।
राणे ने कहा कि यदि बाल ठाकरे जीवित होते तो भाजपा को झटक देते और विपक्ष में बैठते, लेकिन शिवसेना सत्ता के लिए भाजपा के सामने नतमस्तक हो गई है। उन्होंने कहा कि शिवसेना के स्वाभिमान को ठेस पहुंचाने वाले उद्धव को अब मराठी अस्मिता पर बोलने का कोई अधिकार नहीं है।