फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लापता नागराज बन गया अब्दुल्ला, मचा बवाल

विज्ञापन
विज्ञापन
अलीगढ़ के जकरिया मार्केट की दवा दुकान पर काम करने वाला हड्डी गोदाम इलाके का युवक नागराज अब अब्दुल्ला बन गया है। इस बात के सबूत ढाई माह से लापता नागराज की मां को रजिस्टर्ड डाक से मिले कुछ दस्तावेज से मिले हैं।
विज्ञापन


यह दस्तावेज कितनी सही है, अगर सही है तो क्या उसने अपनी मर्जी से धर्म परिवर्तन किया? इसका पता लगाने के लिए महिला ने बृहस्पतिवार को भाजपा नेताओं के साथ सिविल लाइंस थाने में मामला दर्ज कराया।

पुलिस ने फिलहाल अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर, शहर मुफ्ती ने युवक को धर्म परिवर्तन का प्रमाण पत्र जारी करने की पुष्टि की है।

ढाई महीने से लापता है नागराज

अलीगढ़ कोतवाली अंतर्गत तुर्कमान गेट हड्डी गोदाम चौराहा स्थित शिव मंदिर वाली गली निवासी उर्मिला देवी पत्नी स्व. रामेश्वर प्रसाद का बेटा नागराज (22) करीब चार साल से जकरिया मार्केट सिविल लाइंस स्थित मेडिकल स्टोर दुकान नंबर-1 पर काम करता था। वह करीब ढाई माह से लापता है और घर नहीं आया।

इसे लेकर उर्मिला लगातार दुकान पर जाकर तस्दीक कर रही है तो जवाब मिलता है कि वह ट्रेनिंग पर गया है। एक बार तो दुकान पर मौजूद लोगों ने बार-बार आने पर डरा धमकाकर भगा दिया। इसके बाद पुलिस के पास जाने पर कोई मदद नहीं मिली।

उर्मिला देवी के अनुसार इसी बीच एक दिन उसे फोन पर दिल्ली से कॉल आई कि बेटे को न तलाशे, वरना परेशानी में पड़ जाएगी। इसके बाद उसे डाक के जरिये कुछ प्रपत्र मिले हैं, जिनमें एक प्रपत्र शहर मुफ्ती की ओर से जारी इस्लाम अपनाने संबंधी प्रमाण पत्र है और दूसरा दिल्ली की अदालत में मर्जी से धर्म परिवर्तन संबंधी शपथ पत्र है।

पुलिस ने दर्ज किया अपहरण का मुकदमा

इन प्रमाण पत्रों में नागराज के मर्जी से अब्दुल्ला बनने का उल्लेख है। इन प्रपत्रों के मिलने के बाद उर्मिला ने मेयर शकुंतला भारती से संपर्क किया। इसके बाद मेयर तमाम भाजपाइयों व उसकी मां के साथ बृहस्पतिवार दोपहर सिविल लाइंस पहुंचीं। जहां पुलिस को पूरा प्रकरण बताया गया।

फिलहाल मां की तहरीर पर पुलिस ने दुकान संचालक अरशद के अलावा साथ काम करने वाले साबू, कासिफ, इकबाल, शाहिद, सैजी के खिलाफ अपहरण का नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। लिखित तहरीर में धर्म परिवर्तन कराने की बात नहीं कही गई है।

'युवक की मां की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मुकदमे में धर्म परिवर्तन जैसी लिखित कोई बात नहीं कही गई है। मौखिक रूप से कुछ प्रपत्र दिखाते हुए धर्म परिवर्तन संबंधी जानकारी दी है, जिसे जांच में शामिल किया जा रहा है।'
- सूर्यकांत द्विवेदी इंस्पेक्टर सिविल लाइंस

'काजी जियाउद्दीन के साथ यह युवक हमारे पास आया था। उसके विषय में इस्लाम धर्म कुबूल करने की जानकारी दी गई। मगर मैंने उसके विषय में यह तस्दीक किया कि उस पर किसी तरह का दबाव या जबरन तो नहीं है। इसके अलावा उससे कलमा व नमाज पढ़ने की भी तस्दीक की गई। इसके बाद ही उसे मैंने स्वयं इस्लाम धर्म कुबूल करने संबंधी प्रमाण पत्र दिया था।'
- खालिद हमीद, शहर मुफ्ती
विज्ञापन

नागराज की बरामदगी के लिए दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम

तुर्कमानगेट निवासी युवक नागराज के लापता होने के मामले में मेयर शकुंतला भारती व अन्य हिंदुवादियों ने कोतवाली व सिविल लाइंस पुलिस पर लीपापोती करने का आरोप लगाया है।

साथ ही पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है कि अगर नागराज को न बरामद किया गया और इस रैकेट से जुड़े लोगों को न गिरफ्तार किया गया तो प्रशासन की ईंट-से ईंट बजा दी जाएगी। हिंदुवादियों का कहना है कि यह शहर का माहौल बिगाड़ने की साजिश का हिस्सा है। इस मामले में अगर समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो फिर प्रशासन से निपटा जाएगा।

सिविल लाइंस पहुंचे हिंदुवादियों का आरोप था कि यह महिला व इसका परिवार लगातार कोतवाली व सिविल लाइंस के चक्कर लगा रही थी। मगर दोनों थानों की पुलिस इसे एक दूसरे पर टहला रही थीं। बृहस्पतिवार को भी सिविल लाइंस पुलिस ने तहरीर लेकर जांच की बात कही। मगर देर शाम एसएसपी के दखल पर सिविल लाइंस पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दिया गया है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें