शहर में सबसे सेफ जोन माने जाने वाले कंपनी बाग में युवक ने नाबालिग छात्रा की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी और शव कंपनी बाग में ही एक नाले में फेंक दिया। पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पूछताछ में उसने बताया कि वह दोनों एक दूसरे प्यार करते थे, लेकिन छात्रा ने शादी से मना कर दिया था। जिसके बाद उसने वारदात रविवार दोपहर बाद छात्रा की हत्या कर दी थी हालांकि बड़े नाले में एक किनारे शव पड़ा होने के कारण सोमवार सुबह ही इसका पता चला।
शहर के छिपियान के पास भवा सराय मुहल्ला निवासी शकील की पुत्री शैला कक्षा दस में पढ़ती थी। शैला का शव सड़ी गली हालत में सोमवार को कंपनी बाग में स्थित नाले में पड़ा मिला। मामले की जानकारी मिलने पर सिटी कोतवाली प्रभारी बीपी जाखड़ पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए।
पुलिस को शव के पास ही चाकू भी पड़ा मिल गया, जिससे उसका गला रेता गया था। पुलिस के अनुसार युवती की हत्या रविवार की दोपहर ही कर दी गई थी, लेकिन नाले में शव पड़ा होने के कारण इसका पता नहीं चल पाया। घंटों तक नाले में ही शव पड़ा रहने के कारण मृतका के चेहरे को कीड़े मकोड़ों ने और भी विकृत कर दिया था।
इसके कुछ देर बाद ही सिटी कोतवाली पुलिस ने हत्यारोपी नजम पुत्र अब्दुल निवासी मुहल्ला शाह बुखारी देवबंद को गिरफ्तार करने का दावा किया। पुलिस के मुताबिक युवक और युवती के परिवार पहले से रिश्तेदारी में हैं। नजम उससे शादी करना चाहता था। इसी मंशा से उसने शैला को रविवार कंपनी बाग में बुलाया और खुद देवबंद से वहां पहुंचा। यहां उसने शैला को अपने साथ भागने और शादी करने का दबाव बनाया, मगर शैला ने ऐसा करने से इनकार कर दिया।
इसके बाद ही हत्यारोपी ने शैला की चाकू से गोदकर हत्या कर दी और शव को यहीं नाले में फेंक दिया। पुलिस का कहना है कि यह युवक आपराधिक प्रवृत्ति का बताया जा रहा है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है।