मुंबई हवाईअड्डे पर बुधवार की शाम एयर इंडिया के तकनीशियन की मौत की जांच एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इंवेस्टिगेशन ब्यूरो (एएआईबी) ने शुरू कर दी है। तकनीशियन को पुशबैक के दौरान एयर इंडिया के एक विमान के इंजन ने खींच लिया था, जिससे उसकी दर्दनाक उसकी मौत हो गई।
घटनास्थल की जांच के लिए बृहस्पतिवार की सुबह मुंबई पहुंचे एयर इंडिया के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अश्वनी लोहानी ने मृतक तकनीशियन के परिवार को पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की घोषणा की है।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह एक गंभीर दुर्घटना है और एएआईबी ने इसकी जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना की जांच के लिए समर्पित एएआईबी नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अधीन काम करता है।
इसमें डीजीसीए के कर्मचारी शामिल होते हैं। एयर इंडिया के इस विमान के पायलट और को-पायलट को ड्यूटी से हटा दिया गया है। यह दुर्घटना पुश बैक के दौरान हुई जब मुंबई-हैदराबाद फ्लाइट 619 के को-पायलट ने संकेत को समझने में गलती की और विमान स्टॉर्ट कर दिया जिससे नजदीक खड़े इंजीनियर रवि सुब्रमण्यम को इंजन ने खींच लिया।
यह विमान मुंबई के छत्रपति शिवाजी हवाईअड्डे पर खड़ा था। लोहानी ने कहा कि रवि सुब्रमण्यम का अंतिम संस्कार शुक्रवार को किया जाएगा और एयर इंडिया के सभी कार्यालयों में सुबह 11 बजे दो मिनट का मौन रखा जाएगा।