समाजवादी पार्टी के प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने कहा कि मुस्लिमों को विशेष लाभ मिलने चाहिए। सच्चर कमेटी का जिक्र करते हुए कहा कि जो सरकारें मुस्लिमों को सुविधाएं नहीं देंगी, वे बनेंगी नहीं।
सपा सुप्रीमो ने भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी से सवाल किया कि वे बताएं कि गुजरात में पढ़ाई, दवाई, सिंचाई क्या मुफ्त है?
वहीं मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि बिना यूपी के विकास के देश खुशहाल नहीं हो सकता।
'चीन की चापलूसी में लगे हैं कुछ मंत्री'
मंगलवार को यहां शेख-उल-हिंद मौलाना महमूद हसन मेडिकल कॉलेज के उद्घाटन के बाद जलसा को संबोधित करते हुए सपा मुखिया ने कहा कि उन्होंने कहा कि मोदी बताएं कि क्या गुजरात में सिंचाई, दवा और पढ़ाई मुफ्त है।
देश के किसी भी सूबे में सिंचाई मुफ्त नहीं है। यह सब उत्तर प्रदेश में ही हो रहा है।
मुलायम ने कहा कि अगर दिल्ली में उनकी सरकार बनी तो महंगाई पर काबू पाएंगे। चीन ने हमारी जमीन पर कब्जा कर रखा है और हमारे कुछ मंत्री चीन जाकर चापलूसी करते हैं।
'सिखों के सब्र का इम्तिहान न लें मोदी'
सपा मुखिया ने कहा कि गुजरात में सिखों की जमीन पर कब्जा किया जा रहा है। मोदी सिखों के सब्र का इम्तिहान न लें।
सच्चर कमेटी में कहा गया है कि अनुसूचित जाति और जन जाति से भी बदतर हालत मुस्लिमों की है। मुस्लिमों को विशेष सुविधा देनी होगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मुस्लिमों को सुविधाएं देगी और देश की सभी सरकारों को देना होगा। यहां के मेडिकल कालेज में वह सभी सुविधाएं होनी चाहिए, जिसके लिए मरीज को मुंबई या दिल्ली जाना पड़ता है।