मेघालय में कांग्रेस को सत्ता में बरकरार रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले मुकुल संगमा लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालेंगे। उन्हें शुक्रवार को कांग्रेस विधायक दल का नेता चुन लिया गया।
प्रदेश में कांग्रेस को बहुमत के लिए जरूरी संख्या से दो सीटें कम मिली हैं। वैसे दो सीट जीतने वाली एनसीपी और आठ निर्दलीय विधायकों ने कांग्रेस को बिना किसी शर्त के समर्थन देने का आश्वासन दिया है। इन्होंने समर्थन पत्र भी सौंप दिया है। ऐसे में सरकार बनाने की संगमा की राह पूरी तरह साफ हो गई है।
अब संगमा राज्यपाल आरएस मुशहरी से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। कांग्रेस के एक नेता ने बताया कि संगमा एक-दो दिन में राज्यपाल से मुलाकात करेंगे।
60 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस ने 29 सीटों पर जीत हासिल की है। 10 गैर कांग्रेसी विधायकों के समर्थन के साथ ही कांग्रेस को 39 विधायकों का समर्थन हासिल हो गया है। मुकुल संगमा राज्य के 23वें मुख्यमंत्री होंगे।