लोकसभा में बृहस्पतिवार को हुए तांडव के बाद अब सांसदों को सदन में प्रवेश करने से पहले तलाशी की प्रक्रिया से गुजरना पड़ सकता है। इस संबंध में निर्णय लेने के लिए स्पीकर मीरा कुमार ने 17 फरवरी को संसद की सुरक्षा मामलों की समिति की आपात बैठक बुलाने का निर्देश दिया है।
लोकसभा उपाध्यक्ष करिया मुंडा की अध्यक्षता वाली यह समिति सदन में घातक और खतरनाक सामान नहीं पहुंचने देने के लिए सांसदों की तलाशी की प्रक्रिया शुरू करने सहित कई अन्य सुझाव स्पीकर को देगी।
उधर, शर्मसार कर देने वाली घटना की एक बार फिर निंदा करते हुए स्पीकर ने इसे संसदीय परंपराओं पर धब्बा करार दिया है। स्पीकर ने सांसदों को लोकतांत्रिक मूल्यों को कायम रखने के लिए संसदीय मर्यादाओं के उच्च मानदंडों को बनाए रखने की नसीहत दी है।