मध्यप्रदेश में व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) के महाघोटाले में बड़े चेहरों के खिलाफ हाईकोर्ट से कार्रवाई की हरी झंडी मिलने के बाद मध्य प्रदेश के राज्यपाल रामनरेश यादव एक-दो दिन के भीतर इस्तीफा दे सकते हैं। घोटाले की जांच कर रही एसआईटी की रिपोर्ट में जिन रसूखदार लोगों के नाम हैं, उनमें यादव भी शामिल हैं। हाईकोर्ट में इस रिपोर्ट पर सोमवार 23 फरवरी को सुनवाई होगी। मुमकिन है कि सुनवाई के दौरान ये बड़े नाम सार्वजनिक कर दिए जाएं।
बता दें कि मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने एसटीएफ की निगरानी के लिए एसआईटी का गठन किया है। एसआईटी ने शुक्रवार को अपनी रिपोर्ट में खास व्यक्तियों के नामों का एक लिफाफा पेश किया था और कार्रवाई करने की अनुमति मांगी थी। कोर्ट ने नामों का खुलासा किए बगैर अपनी टिप्पणी में कहा था, ‘गो अहेड’। इसके बाद ही यह माना जा रहा है कि राज्यपाल अब अपने पद से इस्तीफा दे देंगे। अब तक भाजपा और कांग्रेस का एक वर्ग उन्हें ऐसा करने से रोक रहा था, लेकिन एसआईटी उनके खिलाफ आईपीसी की धारा 120 (बी) के अलावा तीन अन्य धाराओं में केस दर्ज कर सकती है।
इस बीच सियासी गलियारे में एसआईटी की रिपोर्ट को लेकर खासी सरगर्मी है। खासकर नामों को लेकर कयासबाजी का दौर शुरू हो गया है। सूत्रों का कहना है, नामों के सामने आने के बाद सूबे के राजनीतिक परिदृश्य में बड़ा उलटफेर भी हो सकता है।