फिल्म 'हल्ला बोल' और 'आ देखें जरा' में अभिनय कर चुके बॉबी वत्स को मंगलवार को अपनी महिला मित्र के साथ बलात्कार की कोशिश करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि बॉबी के साथ एक साल से लिव इन रिलेशशिप में रह रही एक युवती ने उन पर बलात्कार की कोशिश का आरोप लगाया है। पुलिस ने बॉबी को मुंबई के वर्सोवा इलाके में गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि युवती ने अपनी शिकायत में कहा है कि सोमवार का बॉबी ने उसके साथ बलात्कार करने की कोशिश की। विरोध करने पर युवती के साथ मारपीट भी की गई। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज करके बॉबी को गिरफ्तार कर लिया है।
उधर, बॉबी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि उसने इस लड़की की मदद करने के इरादे से उसे अपने साथ रहने की इजाजत दी थी। ये दोनों वर्सोवा इलाके की एक इमारत में पिछले एक साल से लिव इन पार्टनर के रूप में रह रहे थे। मामले से जुडे़ करीबी सूत्रों का कहना है कि दोनों के बीच विवाद शादी के मसले को लेकर हुआ है। लड़की बॉबी पर शादी करने के लिए दबाव बना रही थी लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं था।