यौन शोषण के आरोपों में घिरे आसाराम को लेकर लोगों में जबरदस्त गुस्सा है। इसका एक उदाहरण रविवार को देखने को मिला, जब हरियाणा से पूर्णागिरि जा रहे एक महंत और उनके शिष्य को आसाराम समझकर लोगों ने जमकर पीटा।
घायल महंत ने पुलिस को सूचना दी लेकिन बिना रिपोर्ट दर्ज कराए ही वह चले गए।
हरियाणा के एक कस्बे के मंदिर के महंत अपने शिष्य के साथ एंबेसडर कार से पूर्णागिरि धाम जा रहे थे। शनिवार देर रात करीब 11 बजे एंबेसडर कार को भोट थाना क्षेत्र में ग्राम थूनापुर के पास कार सवार सात लोगों ने उन्हें ओवरटेक करके रोक लिया।
आरोप है कि युवकों ने साधु को आसाराम बापू कहते हुए गाड़ी से खींच लिया और जमकर पिटाई की। साधु ने उनसे कहा कि वह आसाराम नहीं, बल्कि साधु हैं। युवकों ने उनकी एक न सुनीं और मारापीटा। विरोध करने पर शिष्य को भी मारापीटा और कार क्षतिग्रस्त कर दी।
शोर शराबा सुनकर ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों को आता देख हमलावर युवक भाग गए। बाद में साधु बिना रिपोर्ट दर्ज कराए गंतव्य को रवाना हो गए। एसओ भोट ने बताया कि उन्होंने रात में ही युवकों काफी खोजा, लेकिन वह नहीं मिले।