मुलायम के पौत्र और मैनपुरी के सांसद तेज प्रताप सिंह यादव के तिलकोत्सव में प्रधानमंत्री के आने की सूचना ने मुलायम के मेहमानों की परेशानी बढ़ा दी है। सपा मुखिया के अधिकतर वीवीआईपी मेहमान प्लेन से आएंगे, जबकि सैफई में डेरा जमाए प्रधानमंत्री की सुरक्षा एजेंसी ने फिलहाल सैफई को नो फ्लाई जोन घोषित कर दिया है। पीएम के आने से एक घंटा पहले और उनके ठहरने तक सैफई हवाई पट्टी पर किसी अन्य विमान की लैंडिंग की अनुमति नहीं मिलेगी। प्रशासन के पास लैंडिंग की अनुमति के लिए तमाम वीवीआईपी के पत्र आ रहे हैं और लाचार प्रशासन अनुमति नहीं दे पा रहा है।
सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के पौत्र तेजू की शादी बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालूप्रसाद यादव की बेटी राजलक्ष्मी से हो रही है। 21 फरवरी को सपा मुखिया के पैतृक गांव सैफई में तिलकोत्सव है। राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी, पीएम नरेंद्र मोदी, कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी सहित देशभर के प्रमुख नेताओं, बॉलीवुड स्टार व कारपोरेट जगत की हस्तियों को न्यौता भेजा गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा एजेंसी एसपीजी सैफई पहुंच चुकी है। टीम हवाई पट्टी व कार्यक्रम स्थल तक आने-जाने के रास्ते का खाका तैयार कर रही है।
खास बात ये है कि सपा मुखिया के अधिकतर वीआईपी मेहमान चार्टर्ड प्लेन व हेलीकाप्टर से सैफई पहुंचेंगे। खुद बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद के तमाम परिवारीजन व मेहमान प्लेन व हेलीकाप्टर से सैफई पहुंचेंगे। वहीं प्रधानमंत्री की सुरक्षा एजेंसी ने पीएम के मौजूद रहने तक सैफई को नो फ्लाईजोन घोषित कर दिया है। सुरक्षा एजेंसी के इस निर्णय के बाद से मुलायम के वीवीआईपी मेहमान परेशान हैं। सिटी मजिस्ट्रेट ईश्वरचंद्र ने बताया कि नियमानुसार प्रधानमंत्री के आगमन के एक घंटा पूर्व तथा एक घंटा बाद तक किसी भी प्लेन को लैंडिंग की अनुमति नहीं है।
इन्होंने मांगी है अनुमति
खबर है कि तिलकोत्सव में शामिल होने आ रहे केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह सहित पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी, बॉलीवुड स्टार अमिताभ बच्चन, अमर सिंह आदि ने सैफई हवाई पट्टी पर लैंडिंग की अनुमति मांगी है। इनके लिए अभी तक लैंडिंग का समय तय नहीं हो पाया है। क्योंकि प्रधानमंत्री का विमान सैफई की धरती पर कब उतरेगा ये अभी तक सुरक्षा एजेंसियों को भी नहीं पता और न ही सैफई हवाई पट्टी के अधिकारियों को।