एक और चुनावी सर्वेक्षण में यह कहा जा रहा है कि अगले लोकसभा चुनाव में भाजपा अपने इतिहास का सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए 210 सीटें जीत सकती हैं। सर्वे के अनुसार, भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन एनडीए के 226 सीटों पर जीतने का अनुमान है।
एबीपी न्यूज और एसी नीलसन के इस सर्वे से ठीक पहले दो और सर्वेक्षणों में भी एनडीए के बेहतरीन प्रदर्शन की बात कही गई है। इन सभी सर्वेक्षणों से इस संभावना को मजबूती मिली है कि नरेंद्र मोदी देश के अगले प्रधानमंत्री बन सकते हैं।
सर्वे के अनुसार, अगली लोकसभा चुनाव में कांग्रेस अब तक का सबसे बदतर प्रदर्शन करते हुए महज 81 सीटें जीतेगी।
एनडीए 226, यूपीए 101
शनिवार को रिलीज किए गए इस सर्वेक्षण में यह बताया गया है कि एनडीए 226 और यूपीए 101 सीटें जीत सकती हैं। वहीं वाम दलों के 30 सीटें जीतने की संभावना बताई गई है।
इसके अलावे बाकी 186 सीटों पर 'अन्य' पार्टियों के जीतने की बात कही गई है जो एनडीए, यूपीए या वाम दलों के हिस्सा नहीं हैं। इन 186 सीटों में 11 सीटों पर आम आदमी पार्टी के जीतने की संभावना बताई गई है।
बाकी बची सीटों में कौन पार्टी कितनी जीतेगी, इस बारे में यह सर्वे कुछ नहीं बताता।
एनडीए कहां जीतेगी कितनी सीटें?
सर्वे के अनुसार, देश के उत्तरी और पश्चिमी इलाकों में मजबूती की वजह से एनडीए बेहतर प्रदर्शन करेगी। पश्चिमी इलाकों में गुजरात, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश में एनडीए के बेहतर प्रदर्शन के अनुमान हैं। सर्वे के अनुसार, इन तीन राज्यों में 116 में से 82 सीटें एनडीए जीत सकती है।
देश के उत्तरी भाग में एनडीए के 82 सीटें जीतने की संभावना है जो इन इलाकों के कुल 151 सीटों के आधे हिस्से से कुछ ही ज्यादा है।
देश के पूर्वी इलाकों के 142 सीटों में से 43 सीटों पर एनडीए जीत हासिल कर सकती है। वहीं दक्षिण के 134 सीटों में इसके 19 सीटें जीतने का अनुमान है।
53 प्रतिशत लोग चाहते हैं मोदी बनें पीएम
देश के इन चारों हिस्सों में यूपीए के कम से कम 22 और अधिक से अधिक 28 सीटें जीतने की संभावना बताई गई है।
'अन्य' पार्टियों के दक्षिण में बेहतर प्रदर्शन के अऩुमान हैं। सर्वे के अनुसार, ये पार्टियां दक्षिण के 134 में से 76 सीटें जीत सकती हैं। पिछले लोकसभा में दक्षिण में तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में यूपीए ने अच्छा प्रदर्शन किया था लेकिन सर्वे में यह संकेत है कि इन इलाकों की सीटें इस बार यूपीए के हाथ से निकल सकती हैं।
इस सर्वेक्षण में नरेंद्र मोदी को सबसे पसंदीदा प्रधानमंत्री के रूप में पाया गया है। 53 प्रतिशत लोग मोदी को पीएम बनते देखना चाहते हैं। वहीं राहुल गांधी को 15 प्रतिशत और अरविंद केजरीवाल को 5 प्रतिशत लोग प्रधानमंत्री के पद के योग्य समझते हैं।