अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 28 सितंबर को न्यूयॉर्क में मुलाकात हो सकती है। पीएम मोदी संयुक्त राष्ट्र महासभा के सालाना सत्र में हिस्सा लेने इस महीने के आखिर में अमेरिका के दौरे पर होंगे, जहां उनकी सत्र से इतर ओबामा के साथ मुलाकात की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि, इस बारे में अभी कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है।
इस मुलाकात को दोनों देशों की द्विपक्षीय रिश्तों की गंभीरता से जोड़कर देखा जा रहा है। यही वजह है कि ओबामा और उप राष्ट्रपति जो बिडेन समेत कई अमेरिकी मंत्री शीर्ष भारतीय नेताओं से इस महीने के आखिर में कई बैठकें करेंगे। इसे दोनों देशों के बीच अब तक का सबसे उच्चस्तरीय संपर्क माना जा रहा है।
इससे पहले ओबामा पीएम मोदी के न्यौते पर इस साल गणतंत्र दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बनकर भारत आए थे। पीएम मोदी अपने अमेरिकी दौरे के वक्त सिलिकॉन वैली जाएंगे और उसके बाद सैन जोंस में सैप सेंटर में भारतीय अमेरिकी लोगों को संबोधित करेंगे। उल्लेखनीय है कि इस साल जनवरी में अपने साझा बयान में दोनों नेताओं ने नियमित मुलाकात की प्रतिबद्धता जताई थी।
न्यूयॉर्क में मोदी-ओबामा की मुलाकात दोनों देशों की हफ्ते भर तक चलने वाली उच्च स्तरीय बैठकों को गति प्रदान करेगा। इनमें से ज्यादातर बैठकें वाशिंगटन में होंगी।
उप राष्ट्रपति जो बिडेन खुद इन बैठकों की अगुवाई करेंगे। कुछ साल पहले भारत दौरे पर आने वाले बिडेन ने द्विपक्षीय कारोबार मौजूदा सालाना 100 अरब डॉलर से बढ़ाकर 500 अरब डॉलर करने की इच्छा जताई थी