गुजरात के मुख्यमंत्री और भाजपा के पीएम पद के दावेदार नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को मनमोहन सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार सपना आने पर खजाने की खुदाई कर रही है, लेकिन स्विस बैंकों में पड़े देश के सोने की फिक्र उसे नहीं है।
चेन्नई में कांग्रेसनीत सरकार को निशाने पर लेते हुए मोदी ने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम की वजह से दुनिया भर में हमारी जगहंसाई हो रही है।
मोदी ने कहा, "आज पूरी दुनिया हमारा मजाक उड़ा रही है। किसी को सपना आया और दिल्ली की सरकार एक हजार टन सोना खोजने के लिए खुदाई करने में लग पड़ी।"
उन्होंने कहा, "दिल्ली की सरकार स्विट्जरलैंड के बैंकों में देश के चोर-लुटेरों ने जो पैसे रखे हैं, उन्हें लौटाने के बारे में कुछ नहीं सोच रही, जो एक हजार टन सोने से भी ज्यादा हैं।"
मोदी ने कहा कि विदेशी बैंकों में छिपाकर रखे गए काले धन को अगर भारत में लाया जाएगा, तो इस तरह की खुदाई कराने की जरूरत नहीं रह जाएगी।