आप भाजपा के पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी का भाषण सुनना चाहते है और आपके पास टीवी देखने का वक्त नहीं है या अचानक बिजली चली जाती है तो भी आपको निराश नहीं होना पड़ेगा।
भाजपा के ऐसे समर्थक अब मोदी के भाषणों को फोन पर सुन सकेंगे। पांच राज्यों के लिए चुनावी जंग का ऐलान होने के साथ ही भाजपा ने अपने स्टार प्रचारक का भाषण फेसबुकिया पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए यह नई तरकीब निकाली है।
यह योजना फेसबुक जैसी सोशल नेटवर्किंग साइटों अथवा हरदम मोबाइल से चिपके रहने वाली युवा पीढ़ी को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। मोदी की रेवाड़ी, भोपाल व दिल्ली रैली में इसे प्रयोग के तौर पर इस्तेमाल किया गया।
इसके उत्साहजनक परिणाम आने के बाद अब इस तरकीब का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया जाएगा। इस योजना पर मुंबई से अमल हो रहा है। पार्टी ने वहां पूरा नेटवर्क खड़ा किया हुआ है।
रैली के दौरान फोन पर मोदी का भाषण सुनने के लिए फोन नंबर 022-45014501 पर डायल करना होगा। इसके बाद भाषण का लाइव प्रसारण शुरू हो जाएगा। इस पर फोन की सामान्य कॉल दर लगेगी। फोन करने पर मोदी के ट्वीट भी आने लगेंगे।
फोन पर मोदी के भाषणों को लाइव करने की योजना को लेकर भाजपा की दलील है कि यह योजना खासतौर पर उन शहरी लोगों के लिए है, जिनके पास समय की कमी है और जो मोदी का भाषण सुनना चाहते हैं लेकिन रैलियों की भीड़भाड़ से बचना भी चाहते हैं।
इसका फायदा यह है कि यदि कोई व्यक्ति आधा घंटा भी भाषण सुनेगा को मात्र 30 रुपये खर्च होंगे, जबकि रैली में जाने पर इससे कहीं ज्यादा खर्च होगा।