फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मोदी ने महिला जासूसी कांड पर पहली बार तोड़ी चुप्पी!

Wed, 16 Apr 2014 12:38 PM IST
टीम डिजिटल/अमर उजाला, दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
भाजपा के पीएम पद के दावेदार नरेंद्र मोदी आम तौर पर रैलियों में खूब बरसते हैं। लेकिन उन्हें लेकर मीडिया की यह शिकायत हमेशा रही कि वो इंटरव्यू देने के लिए तैयार नहीं होते।
विज्ञापन


हाल में जब भाजपा की तरफ से घोषणापत्र जारी किया गया, तो वहां पत्रकार भी मौजूद थे। लेकिन मोदी ने भाषण दिया और फिर संवाददाताओं से सवाल मांगे गए। लेकिन यह साफ कर दिया गया कि उनके सवालों के जवाब सिर्फ और सिर्फ भाजपा के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी देंगे।

लेकिन इस रणनीति में कुछ बदलाव आया है। मोदी हाल में इंडिया टीवी के कार्यक्रम आपकी अदालत में शामिल हुए और अब उन्होंने टीवी चैनल, समाचार एजेंसी को इंटरव्यू दिया है। गुजरात में भड़के दंगों, कांग्रेस और प्रचार अभियान, महिला जासूसी कांड और मुस्लिमों पर उन्होंने क्या-क्या कहा, पढ़िए।
विज्ञापन

'कांग्रेस पहले अपने पापों की माफी मांगे'

नरेंद्र मोदी इंटरव्यू दें और उनसे गुजरात दंगों के बारे में न पूछा जाए, यह हो नहीं सकता। इस बार भी यह सवाल उठा कि उन्होंने अब तक इस मामले पर माफी क्यों नहीं मांगी?

मोदी ने 2002 में उनके मुख्यमंत्री रहते गुजरात में हुए सांप्रदायिक दंगों पर माफी नहीं मांगी और एक बार फिर इससे जुड़ा सवाल टाल गए। मोदी ने कहा‌ कि कांग्रेस को उनसे माफी की बात कहने से पहले अपने पापों के लिए माफी मांगनी चाहिए।

जब उनसे पूछा गया‌ कि कांग्रेस का कहना है कि उन्हें माफी मांगनी चाहिए, इस पर मोदी ने कहा, "कांग्रेस से कोई भी मेरे पास नहीं आया है। न उन्होंने माफी की बात की है। कांग्रेस के लोगों को दूसरों के बजाय पहले अपने पापों के लिए माफी मांगनी चाहिए।"

महिला जासूसी कांड पर बोले मोदी


जब नरेंद्र मोदी से पूछा गया कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और वित्त मंत्री ‌पी चिदंबरम का कहना है कि वो देश के लिए एक खतरा है, इस पर उनका क्या कहना है।

इस सवाल पर भाजपा के पीएम पद के दावेदार ने कहा, "मैंने मनमोहन सिंह को अपने दस साल के कार्यकाल में कभी ऐसे बोलते नहीं देखा।" उन्होंने कहा कि वो पिछले 12-15 साल से गुजरात संभाल रहे हैं।

यह मामला अभी शांत भी नहीं पड़ा था कि नरेंद्र मोदी के एक और इंटरव्यू की बात सामने आई, जो उन्होंने एएनआई को दिया। इसमें उन्होंने गुजरात के महिला जासूसी कांड और मुस्लिमों के उनसे डरने पर पहली बार चुप्पी तोड़ी।

'बनारस में मिलूंगा, मु‌स्लिम प्यार करने लगेंगे'

नरेंद्र मोदी से जब गुजरात में महिलाओं की सर्विलांस के बारे में सवाल ‌किया गया, तो उन्होंने कहा, "महिलाओं के प्रति अपराध राष्ट्रीय शर्म की बात है और राहुल गांधी को इस पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। और न ही मुझे इस पर सियासत करनी चाहिए।"

इन दिनों मोदी को लेकर बनारस के मुस्लिमों के बीच डर की बात खूब कही जा रही है। इस पर मोदी ने जवाब दिया, "मैं बनारस किसी को हराने नहीं जा रहा, बल्कि सभी के दिल जीतने जा रहा हूं। जब मैं वहां जाकर उनसे मिलूंगा, वो भी मुझसे मोहब्बत करने लगेंगे।"

एआईडीएमके सुप्रीमो जे जयललिता के साथ गठबंधन न बनने पर उन्होंने कहा, "हमारी विचारधारा अलग-अलग हो सकती है, लेकिन व्यक्तिगत स्तर पर मेरे उनसे बहुत अच्छे रिश्ते हैं। हमने एक-दूसरे के खिलाफ कड़वी बातें नहीं की। मेरा मानना है कि कोई भी राजनीतिक अछूत नहीं है।"

अपराधी नेताओं के लिए विशेष अदालत

अपराधी नेताओं के खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए विशेष अदालत बनाने पर भी मोदी बोले। उन्होंने कहा, "यह कदम बदले की राजनीति या विरोधियों के खिलाफ मामला दर्ज करने के लिए नहीं, बल्कि सिस्टम को साफ करने के लिए होगा।"

यह पूछने पर क्या कि इस मामले में आम सहमति बनाने की कोशिश की जाएगी, उन्होंने कहा, "कोई भी इसका विरोध नहीं करेगा, लेकिन मैं यह करना चाहता हूं। सुझावों को लेकर खुला रुख रखा जाएगा।"

उन्होंने कहा, "इन अदालतों में एक साल में सभी मामलों की सुनवाई होगी। दोषी को जेल भेजा जाएगा, सीट खाली होगा और दोबारा चुनाव के जरिए साफ छवि वाला व्यक्ति आएगा।"
विज्ञापन

'कांग्रेस इतिहास का सबसे खराब प्रदर्शन करेगी'

नरेंद्र मोदी ने कहा, "इनमें सभी राजनीतिक दलों के वो सांसद होंगे, जिनके खिलाफ मामले चल रहे हैं।" उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि इन लोकसभा चुनावों में कांग्रेस सबसे खराब प्रदर्शन करेगी।

उन्होंने कहा, "इस बार चुनावों में कांग्रेस अपने ‌इतिहास का सबसे खराब प्रदर्शन करेगी। भाजपा और एनडीए इस बार सबसे अच्छा प्रदर्शन करने में कामयाब रहेंगे।"

हाल तक मोदी इंटरव्यू देने से परहेज बरतते थे, लेकिन चुनावों के इस दौर में वो तमाम मुद्दों पर अपनी राय रखने के लिए मीडिया से बातचीत कर रहे हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि इसका कितना असर होगा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें