गुजरात के मुख्यमंत्री और भाजपा के पीएम पद के दावेदार नरेंद्र मोदी के लिए समर्थन जुटाने के लिए इन दिनों पार्टी हरमुमकिन कोशिश कर रही है। लेकिन मोदी की दीवानगी में सभी हदें लांघने वाले कुछ प्रशंसक ऐसे हैं, जिनके बारे में जानकर शायद भाजपा भी हैरत में पड़ जाएगी।
कुछ दिनों पहले दिल्ली से खबर आई थी कि एक शख्स ने अपनी शादी के कार्ड पर मोदी की तस्वीर छपवाई है। दिल्ली के रहने वाले विक्रम उर्फ विक्की की शादी 26 जनवरी को थी। उन्होंने अपनी शादी के 400 कार्ड पर नरेंद्र मोदी की तस्वीर के साथ 'बस अब एक ही विकल्प' का नारा लिखवाया था।
लेकिन इस मामले में मोदी का दीवाना और एक कदम आगे निकल गया। इस शख्स ने अपनी बेटी की शादी के कार्ड पर मोदी की तस्वीर वहां छपवाई है, जहां आम तौर पर गणेश भगवान विराजते हैं। और इस मामले में सफाई मांगने पर उसका साफ कहना है कि ऐसा इसलिए किया, क्योंकि मोदी उसके भगवान है।
मोदी वाले 1500 कार्ड छपवाने का दावा
फेसबुक पर इन दिनों यह शादी का कार्ड काफी वायरल हो रहा है। जब कार्ड पर छपे नंबर पर कॉल की गई, तो जानकारी मिली कि यह कारनामा बीते 25 साल से सूरत में रहने वाले फतहलाल चौहान ने किया है।
उनकी बेटी मीनाक्षी की शादी 17 फरवरी को है और इसके लिए जो कार्ड छपवाए गए हैं, उसमें गणेश भगवान की जगह नरेंद्र मोदी की तस्वीर छापी गई है। जब इसकी वजह पूछी गई, तो फतहलाल ने अमर उजाला से कहा, "मोदी हमारे भगवान हैं, इसलिए शादी के कार्ड पर उनकी तस्वीर छपवाई है।"
फतहलाल का दावा है कि उन्होंने ऐसे 1500 कार्ड छपवाएं हैं, जिनमें से 1000 कार्ड बांट दिए गए हैं। क्या किसी नेता को भगवान का दर्जा देना सही है, इसके जवाब में उन्होंने कहा, "अब इस बारे में क्या कहूं? लेकिन हम सभी बड़े नेताओं को भगवान मानते हैं और मोदीजी उनमें सबसे आगे हैं।"
सूरत में रहते हैं फतहलाल चौहान
कार्ड पर लावा सरदारगढ़ जिला, राजसमंद (राजस्थान) का पता लिखा है। जब इस बारे में सवाल किया गया, तो फतहलाल ने कहा, "जी मैं रहता सूरत में हूं, लेकिन मेरा पुश्तैनी गांव यही है, जिसका पता कार्ड पर मौजूद है। यह शादी भी वहीं होनी है।"
क्या मीनाक्षी को अपने शादी के कार्ड पर मोदी की तस्वीर छपवाने पर कोई ऐतराज नहीं हुआ, 44 वर्षीय फतहलाल ने कहा, "नहीं, उसने कोई आपत्ति नहीं दर्ज कराई। यह मेरा विचार था। मेरा ऐसा करने का बहुत मन था।"
फतहलाल ने बताया कि वह सूरत में ट्रैवल बुकिंग और प्रॉपर्टी डीलर का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि मोदी देशहित के लिए काम करते हैं, सभी वर्गों का ख्याल रखते हैं, इसलिए वह उनका समर्थन करते हैं।
'मोदी को खुद दूंगा शादी का कार्ड'
फतहलाल के मुताबिक सभी बड़े नेता भगवान समान होते हैं, क्योंकि वे लोग कलियुग में भलाई का काम कर रहे हैं। जब यह सवाल उठाया गया कि अगर ऐसा है तो कार्ड पर किसी और नेता की तस्वीर क्यों नहीं छपवाई, इस पर उन्होंने कहा, "क्योंकि मोदी उन सभी से बेहतर हैं।"
क्या नरेंद्र मोदी को भी इस शादी का न्योता देने जा रहे हैं, उन्होंने कहा, "जी हां, मैं कल (रविवार) गांधीनगर जा रहा हूं।" यह बताने पर कि रविवार को मोदी रैली संबोधित करने के लिए मेरठ जा रहे हैं, इस पर फतहलाल ने कहा, "जी हमें कल का वक्त दिया गया है। अगर वह कल नहीं मिलते, तो परसो फिर जाऊंगा।"
'देश भर से बधाई मिली रही है'
फतहलाल यह कार्ड केवल मोदी के हाथों में सौंपना चाहते हैं। उन्होंने कहा, "मैं अपने हाथों से यह कार्ड नरेंद्र मोदी को देना चाहता हूं। उनके लिए इतना किया है, तो कम से कम कार्ड तो अपने हाथों से दूं।"
उनका दावा है कि यह कार्ड छपवाने और इसकी जानकारी लोगों तक पहुंचने के बाद बधाइयों का तांता लग गया है। फतहलाल ने कहा, "देश भर से मुझे इसके लिए बधाई मिल रही है। सभी का कहना है कि तुमने बहुत अच्छा काम किया।"
'मोदी बनेंगे पीएम, भाजपा जीतेगी चुनाव'
मोदी के इस दीवाने ने कहा, "मुझे मध्य प्रदेश, कश्मीर, राजस्थान, मध्य प्रदेश और देश के दूसरे हिस्सों से बधाई मिल रही है। अभी तक कम से कम 500 फोन और डेढ़ सौ मैसेज आ चुके हैं।"
क्या किसी ने इस बात पर ऐतराज नहीं जताया, इस पर फतहलाल ने कहा, "जी एक आदमी ने फोन किया कि उन्हें मेरा ऐसा करना अच्छा नहीं लगा। मैंने जवाब में कहा कि मेरा मन था, इसलिए मैंने ऐसा किया। उन्हें इससे दिक्कत नहीं होनी चाहिए।"
फतहलाल 5 फरवरी को राजसमंद के लिए रवाना हो रहे हैं। चुनावों के बारे में उनकी राय पूछने पर उन्होंने कहा, "मेरे ख्याल से इस बार नरेंद्र मोदी ही प्रधानमंत्री बनेंगे।" भाजपा को कितनी सीटें मिलेंगी, इस सवाल पर वह बोले, "यूं तो पार्टी को 272 सीटें चाहिए, लेकिन मुझे लगता है कि वह 300 सीटों तक पहुंचने में कामयाब रहेगी।"