गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी यूपी से लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं। संसदीय चुनाव की रणनीति को लेकर भाजपा में हो रही चर्चाओं में यह बिंदु भी शामिल है। यह कहना है गुजरात प्रदेश भाजपा के मंत्री राजेश पटेल का। उन्होंने कहा कि वैसे तो इस पर फैसला पार्टी हाईकमान को करना है लेकिन ‘मोदी के यूपी से लड़ने पर प्रदेश में ‘करंट’ पैदा हो जाएगा। गुजरात में तो चिंता की बात ही नहीं है, यूपी में बहुत फायदा हो सकता है। उन्होंने कहा कि मोदी को प्रधानमंत्री पद पर प्रोजेक्ट करने का यही उचित समय है। एनडीए के घटकों से भी इस संबंध में बात की जा सकती है।’
गुजरात के भाजपा नेता राजेश पटेल रविवार दोपहर जिला भाजपा कार्यालय आए थे। वहां उनसे बातचीत हुई तो वे बोले कि मोदी देश में कहीं से भी चुनाव जीत सकते हैं, जनता उनके पक्ष में है। यूपी का देश की राजनीति में महत्वपूर्ण स्थान है। यहां का संदेश पूरे देश में जाता है। भाजपा राष्ट्रीय पार्टी है। वैसे मोदी खुद कहते हैं कि ‘पार्टी में व्यक्ति नहीं कमल निशान महत्वपूर्ण है।’ कमल निशान पर कोई भी नेता देश में कहीं भी चुनाव लड़ सकता है।
पटेल ने एक बार फिर यूपी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ लक्ष्मीकांत वाजपेयी की बात दुहराई कि पूरे देश में भाजपा एक है। किसी नेता को किसी भी सीट का टिकट दिया जा सकता है। भाजपा में यह फिक्स नहीं है कि कोई नेता अमुक स्थान से ही चुनाव लड़ेगा।
पटेल ने बताया कि गुजरात नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने की तैयारी दस साल से कर रहा है। वर्ष 2002 में मोदी ने नवरात्र का पहला ‘ग्लोबल’ कार्यक्रम किया। इसमें दुनिया भर के देशों को दावत दी गई थी। औद्योगिक विकास के लिए ‘गुजरात वायब्रेंट’ कार्यक्रम भी हिट हुआ है। मोदी पुराने ‘तंत्र’ से बेहतर काम लेने के माहिर हैं। यही उनका ‘जादू’ है। उन अफसरों की नियुक्ति तो कांग्रेस के जमाने में ही हुई थी। पटेल ने कहा कि वे राजस्थान घूम कर आए हैं और अब यूपी में हैं। ‘मोदी का नाम आम आदमी की जुबान पर है।