गुजरात के चुनावी घमासान में कांग्रेस की ओर से मोदी सरकार पर हमलों का दौर जारी है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी ने अब मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा है कि भाजपा सरकार ने राज्य में केवल पूंजीवाद को बढ़ावा दिया है। अपने करीबी लोगों को पूंजीपति बनाया है।
तिवारी ने कहा कि भाजपा ने अपने चुनावी घोषणापत्र में बहुत ही दिलचस्प दावा किया है कि उसने पिछले 11 वर्षों में गुजरात में नया मध्य वर्ग तैयार किया है। लेकिन हकीकत यह है कि भाजपा ने पिछले 11 वर्षों में एक विशेष वर्ग तैयार किया है, जो अपने करीबियों को पूंजीपति बनाने की संस्कृति को पेश करता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि गुजरात की भाजपा सरकार ने औद्योगिकीकरण के नाम पर अपने मित्र उद्योगपतियों को लाखों करोड़ रुपये का फायदा पहुंचाया। तिवारी ने कहा कि भाजपा सरकार जवाब दे यदि राज्य में उसने जबरदस्त विकास किया है तो गुजरात पर 1.40 लाख करोड़ रुपये का कर्ज क्यों है। हर गुजराती के सिर पर 22,224 रुपये का कर्ज क्यों है। राज्य में स्वास्थ्य और शिक्षा की स्थिति इतनी बदतर क्यों है।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के राज्य में अल्पसंख्यकों के सुरक्षित महसूस नहीं करने के बयान पर मोदी की प्रतिक्रिया को लेकर तिवारी ने कहा कि शायद मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री का भाषण ठीक से नहीं पढ़ा। उसमें साफ लिखा है कि प्रधानमंत्री ने गुजरात के सभी लोगों के बारे में बात की है। मालूम हो कि प्रधानमंत्री ने रविवार को नवसारी में अपने भाषण में कहा था कि गुजरात में अल्पसंख्यक असुरक्षित महसूस करते हैं। इसके बाद मोदी ने प्रधानमंत्री पर पलटवार करते हुए कहा था कि प्रधानमंत्री असम से राज्यसभा सांसद हैं और वहां अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा हो रही है।