भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने असम की रैली में मुख्यमंत्री तरुण्ा गोगोई की कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि गोगोई सरकार ने लोगों से झूठे वादे किए। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि वह उनके सपनों को पूरा करेंगे।
मोदी ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, 'यह सरकार कभी आपका भला नहीं कर सकती। जब मुख्यमंत्री को पता चला कि मोदी असम आ रहा है तो उनकी नींदें उड़ गई।'
मोदी ने कहा, 'आपके मुख्यमंत्री कहां थे जब 2012 में बाढ़ आई थी। वह उस समय अमेरिका में थे और उसके बाद वह जापान चले गए।' उन्होंने कहा कि ऐसे नेताओं पर जनता को यकीन नहीं करना चाहिए। कांग्रेस पिछले 60 सालों से जनता से झूठे वादे करती आ रही है।
मोदी ने पीएम मनमोहन सिंह पर हमला बोलते हुए कहा, "देश के प्रधानमंत्री आपके सांसद हैं। लेकिन मैं जितना असम आया हूं, उन्होंने इतनी यात्राएं नहीं की हैं, जबकि मैं इस राज्य का विधायक तक नहीं हूं।" उन्होंने भारत के पूर्वोत्तर क्षेत्र को लक्ष्मी की संज्ञा दी और जनता से कांग्रेस को उखाड़ फेंकने की अपील की।
कांग्रेस कर रही वोट बैंक की राजनीति
असम के सिलचर में हुई बीजेपी की रैली में पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस सरकार असम में बांग्लादेशी घुसपैठियों को शरण देकर वोट बैंक की राजनीति कर रही है, जिससे यहां के स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर कम हो रहे हैं। उन्होंने वादा किया कि बीजेपी अगर सत्ता में आई तो गैरकानूनी रूप से रह रहे ऐसे शरणार्थियों को वापस बांग्लादेश भेजेगी।
मोदी ने कहा कि दो तरह के घुसपैठिए बांग्लादेश से भारत में आ रहे हैं। एक वो जो कांग्रेस की वोट बैंक की राजनीति के उद्देश्य को पूरा कर रहे हैं। दूसरे वो जो हिंदू हैं और बांग्लादेश में हिंसा के शिकार हो रहे हैं।
मोदी ने लोगों से वादा किया कि वह कांग्रेस के वोट बैंक की राजनीति में साथ देने वाले शरणार्थियों को वापस भेजेंगे और बांग्लादेश में हिंसा के शिकार हुए हिंदुओं को यहां के समाज में शामिल करेंगे।
'चीन के दबाव में नहीं आना'
भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार और गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि दुनिया की कोई भी ताक़त अरुणाचल प्रदेश को भारत से नहीं छीन सकती है। नरेंद्र मोदी शनिवार को अरुणाचल प्रदेश के पासीघाट में भाजपा की एक रैली को संबोधित कर रहे थे।
चीन बराबर अरुणाचल प्रदेश पर अपनी दावेदारी जताता रहा है। उन्होंने कहा कि अरुणाचल प्रदेश का हर आदमी भारत की मजबूती से रक्षा करता है, इसलिए यहां के लोगों को चीन के दबाव में नहीं आना चाहिए।
भाजपा नेता ने कहा कि अब दुनिया में कहीं भी विस्तारवादी राजनीति नहीं होती है, इसलिए चीन को भी अपनी विस्तारवादी मानसिकता को छोड़ना होगा।
विस्तारवादी मानसिकता
मोदी ने कहा कि 'भाजपा विकासवाद की पक्षधर है। भारत का भला न तो परिवारवाद से होगा और जातिवाद से। भारत का विकास भी विकासवाद से ही करना होगा।' उन्होंने कहा कि 2014 में होने वाला लोकसभा का चुनाव विकास के मुद्दे पर ही लड़ा जाएगा।
नरेंद्र मोदी ने कहा कि अरुणाचल की हर समस्या का एक ही इलाज है, वह है विकास। उन्होंने कहा कि हर्बल, हार्टिकल्चर (बागबानी) और हैंडिक्राफ़्ट (हस्तशिल्प) के क्षेत्र में अरुणाचल प्रदेश के लिए अपार संभावनाएं हैं। इससे अरुणाचल को नई शक्ति दी जा सकती है।
अरुणाचल प्रदेश के बौद्ध मठों और हिमालय की चर्चा करते हुए मोदी ने कहा कि इस राज्य में पर्यटन और पर्यावरण के क्षेत्र में अपार संभवानाएं हैं, इसके लिए केवल सपना देखने की ज़रूरत है। इससे अरुणाचल को पर्यावरण का वैश्विक राजधानी बनाया जा सकता है।
पूर्वोत्तर का विकास
उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने हर विभाग को कुल बजट का 10 फ़ीसद हिस्सा पूर्वोत्तर के राज्यों के लिए आबंटित करने को कहा था। भाजपा नेता ने कहा कि अगर वो प्रधानमंत्री बने तो वो पूर्वोत्तर के लिए वाजपेयी सरकार की नीतियों को ही आगे बढ़ाएंगे।
प्रदेश में सरकार चला रही कांग्रेस की आलोचना करते हुए उन्होंने 2012 में हुए मुख्यमंत्रियों के एक सम्मेलन का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि अरुणाचल प्रदेश के कांग्रेसी मुख्यमंत्री ने उस सम्मेलन में केंद्र की कांग्रेस सरकार पर ही कई आरोप लगाए थे।
उन्होंने लोगों से दिल्ली में एक ऐसी सरकार बनाने की अपील की जो कि अरुणाचल प्रदेश के लोगों की आवाज़ सुनें।