दरियादिल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मदद ने प्रतापगढ़ के मुफलिस जलील को निहाल कर दिया। छह माह पूर्व घर गिरने से जलील बेहद परेशान था। मदद को प्रदेश सरकार से गुहार लगाई तो संकट से निपटने को उसे 1900 रुपये का चेक थमाकर उसकी मुफलिसी का मजाक उड़ाने जैसा काम किया गया।
परेशान जलील ने प्रधानमंत्री से गुहार लगाई तो पीएमओ से उसे 50 हजार रुपये का चेक भेजा गया। छह माह पूर्व आए तूफान ने जलील पुत्र जहीद निवासी बरिस्ता, तहसील सदर को पूरे परिवार के साथ सड़क पर लाकर खड़ा कर दिया था।
इस आपदा में उसका रिहायशी मकान गिर गया। परिजनों के साथ रोते बिलखते हुए वह दो वक्त की रोटी के लिए परेशान था। मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर गुहार लगाई। इस पर उसके ऊपर आए संकट का आकलन करते हुए प्रदेश सरकार ने मात्र 19 सौ रुपये का चेक दिया। यह चेक उसके साथ हुए हादसे का जैसे मजाक उड़ा रहा था।