सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को धूमधाम से मनाने और इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि के कार्यक्रम की उपेक्षा का आरोप लगाकर कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा प्रहार किया है।
कांग्रेस ने कहा है कि यह घृणित है और मोदी सरकार की छोटी सोच को दर्शाता है। इंदिरा का अपमान बताते हुए कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने तो यहां कह दिया कि मोदी सरकार पटेल की विरासत चुराने वाले चोर हैं।
वहीं भाजपा ने इसका जवाब देते हुए कहा है कि कांग्रेस इतिहास को सिर्फ नेहरू-गांधी परिवार के परिप्रेक्ष्य में देखना चाहती है। कांग्रेस ने इंदिरा के योगदान की अनदेखी का सरकार पर आरोप लगाया है।
साथ ही पार्टी ने बाकायदा अखबारों में पूर्व प्रधानमंत्री की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि देने के लिए अखबारों में विज्ञापन देकर एनडीए सरकार को जवाब देने की कोशिश की है।