भाजपा नेता नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने चुनाव अभियान की शुरुआत आंध्र प्रदेश के हैदराबाद से की।
युवाभेरी रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कांग्रेस नेतृत्व वाली यूपीए सरकार को केंद्र, प्रदेश से उखाड़ फेंकने के लिए गैर कांग्रेसी दलों से एकजुट होने की अपील की।
एनडीए के साथ नए सहयोगी जोड़ने की कवायद के तहत गुजरात के मुख्यमंत्री ने भाषण में तेलुगूदेशम पार्टी (टीडीपी) का खासकर उल्लेख किया।
बेटे ने ट्विट कर मां को मिलाया मोदी से
भाजपा चुनाव प्रचार समिति के प्रमुख मोदी ने आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और टीडीपी के संस्थापक दिवंगत एनटी रामाराव की सराहना की। उन्होंने कहा कि एनटीआर का सपना केंद्र में कांग्रेस मुक्त सरकार देखना था।
मोदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश पर बोझ है और इस अवसर पर वह एनटीआर को याद करना चाहते हैं। एनटीआर ने न केवल आंध्र की सेवा की बल्कि उन्होंने कांग्रेस विरोधी राजनीति को बढ़ावा देकर पूरे भारत की सेवा की। यह उनके का ही प्रयास था कि केंद्र में गैर कांग्रेसी सरकार का गठन हो सका था।
लाल बहादुर स्टेडियम में मौजूद लाखों की भीड़ को संबोधित करते हुए भाजपा नेता ने आंध्र प्रदेश की सभी राजनीतिक पार्टियों से एकजुट होकर गैर कांग्रेसी सरकार देने की अपील की और कहा कि यही एनटीआर को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
उन्होंने कहा कि वे सभी जो एनटीआर की विरासत पर दावा करते हैं, उनका पहला कर्तव्य गैर कांग्रेसी सरकार बनाने की हरसंभव कोशिश होनी चाहिए।
खासकर टीडीपी का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि यह उसका कर्तव्य है कि वह एनटीआर के सपनों को साकार करे।
एन चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व वाली टीडीपी ने 1998 से 2004 तक केंद्र की सत्ता में रही अटल बिहारी वाजपेयी सरकार का समर्थन किया था। टीडीपी 2004 के लोकसभा चुनाव के बाद भाजपा से अलग हो गई थी।
सराहना कर जयललिता को भी रिझाया
मोदी ने अपने भाषण में तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे जयललिता की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि आप गुजरात से नफरत करते हैं, ठीक है। इसके बारे में मत बोलें लेकिन तमिलनाडु के विकास के बारे में तो बात कर सकते हैं।
जयललिता सरकार ने कई विकास और जन उपकारी कार्य किए हैं। जयललिता को मोदी का समर्थक माना जाता है और लोकसभा चुनाव के बाद जयललिता की पार्टी एआईएडीएमके एनडीए के साथ जुड़ सकती है।