रेलवे क्रासिंग पर होने वाले हादसों को रोकने के लिए रेलवे का मोबाइल वीडियो वैन अब गली-गली दौड़ेगा। एनसीआर के महाप्रबंधक आलोक जौहरी ने इसका उद्घाटन किया और हरी झंडी दिखाकर प्रचार-प्रसार के लिए रवाना कर दिया। संरक्षा और सुरक्षा जागरूकता से सुसज्जित इस वैन में एलईडी टीवी और साउंड सिस्टम लगाया गया है।
महाप्रबंधक ने मंगलवार को कहा कि यह अभियान एनसीआर के संरक्षा जागरूकता के दृष्टिकोण से अभिनव प्रयोग है। ज्यादा से ज्यादा लोगों को इस अभियान से जोड़ना संभव हो सकेगा। जनसंपर्क और संरक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शुरू किए गए इस अभियान की उन्होने सराहना की।
मुख्य संरक्षा अधिकारी आरएस वर्मा ने कहा कि रेल दुर्घटना का बड़ा हिस्सा रेलवे क्रासिंग का है। आम लोगों को जागरूक कर इसे रोका या कम किया जा सकता है। भारतीय रेलवे में मोबाइल वीडियो वैन अपनी तरह का पहला प्रयास है।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी संदीप माथुर ने वैन से चलाए जाने वाले संरक्षा जागरूकता प्रचार अभियान की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह वैन सबसे पहले झांसी मंडल के नैनी-झांसी खंड में प्रचार करेगी। इसके बाद झांसी-कालपी के रास्ते इलाहाबाद डिवीजन और आगरा डिवीजन के रेलवे क्रासिंगों पर जाएगी। प्रचार गाड़ी जोन के रेल समपारों, कस्बों, उनके निकट गांवों, पेट्रोल पंपों, विद्यालयों, मेलों और बाजारों में जाएगी।