गुजरात के शहर राजकोट में रविवार को भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच तीसरे वनडे मैच से पहले ज़िला प्रशासन ने शनिवार रात को मोबाइल-इंटरनेट सेवाओं पर रोक लगा दी है।
पटेल समुदाय के लिए आरक्षण की मांग कर रहे नेता हार्दिक पटेल ने मैच के दौरान स्टेडियम में प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, ज़िला कलेक्टर मनीषा चंद्रा का कहना है, ''हमने शनिवार रात 10 बजे से 19 अक्तूबर सुबह 8 बजे तक मोबाइल इंटरनेट सेवा पर प्रतिबंध का फैसला किया है।''
राजकोट कलेक्टर का कहना है, ''यह रोक शांति-व्यवस्था बनाए रखने, अफ़वाहों को रोकने और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच को बाधित होने से बचाने के लिए लगाया गया है।'' इससे पहले पटेल आरक्षण की मांग कर रहे हार्दिक पटेल ने भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीमों का रास्ता रोकने की धमकी दी थी।