पानी की पाइप लाइन की मरम्मत में देरी का आरोप लगा कल्याण के 65 साल के बुजुर्ग ठेकेदार की पिटाई करने वाले मनसे पार्षद नितिन निकम को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। बाद में कल्याण की अदालत ने उन्हें निजी मुचलके पर जमानत दे दी।
निकम ने गणेशवाड़ी इलाके में पेयजल की कमी को लेकर शनिवार को जनता के सामने प्राइवेट ठेकेदार डी जी पाटिल को बार-बार थप्पड़ मारे जिसे न्यूज चैनलों ने प्रसारित किया था। पुलिस ने बताया कि निकम को धारा 323 और 504 के तहत गिरफ्तार कर कल्याण की कोर्ट के सामने पेश किया गया जहां अदालत ने सात हजार रुपए के निजी मुचलके पर उन्हें जमानत दे दी।
पाटिल थाणे जिले के पड़ोस में कल्याण-डोंबीवली म्युनिसिपल कारपोरेशन में प्राइवेट ठेकेदार है। पाइप लाइन की मरम्मत में देरी के कारण इलाके में पेयजल की किल्लत की शिकायत मिलने पर निकम ने पाटिल को बुलाया था।