गुजरात की नरेंद्र मोदी सरकार में कैबीनेट मंत्री बाबूभाई बुखेरिया को अवैध खनन मामले में पोरबंदर की एक अदालत ने तीन साल की सजा सुनाई है।
पोरबंदर के विधायक और जल संसाधन मंत्री बाबूभाई बुखेरिया पर चूना पत्थर के अवैध खनन का मामला था। उन पर 54 करोड़ के चूना पत्थर के अवैध खनन का आरोप साबित हुआ है।
साल 2006 से चल रहे इस मामले में शनिवार को अदालत ने बाबूभाई के साथ तीन अन्य लोगों को भी तीन साल की सजा सुनाई।
अन्य तीन दोषियों में पूर्व सांसद भरत ओडेदरा, भीमा दुला और लक्ष्मण दुला शामिल हैं। पुलिस ने बाबूभाई को गिरफ्तार कर लिया है।
सभी दोषियों पर सौराष्ट्र केमिकल्स लिमिटेड के अधिकार वाले क्षेत्र से चूना पत्थर के अवैध खनन का आरोप था। इससे 54 करोड़ का नुकसान होने की बात साबित हुई है।
फैसले के तुरंत बाद ही बुखेरिया के वकील ने उनकी जमानत याचिका दायर कर दी। गुजरात सरकार ने इस मामले में अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।