सोमवार को खनन माफिया ने दुस्साहस दिखाया और यमुना के खादर में आगरा पुलिस के साथ छापामार कार्रवाई करने पहुंचे खनन निरीक्षक की गाड़ी पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। वह इस घटना में बाल-बाल ही बचे हैं। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। कार्रवाई के दौरान फरह, रिफाइनरी और हाईवे थाना क्षेत्र में खनन से जुड़े 19 वाहनों को पकड़ा गया है।
सोमवार को तड़के चार बजे खनन निरीक्षक मिलथेश कुमार पांडेय ने आगरा पुलिस को साथ लेकर कार्रवाई शुरू की। रिफाइनरी क्षेत्र में गांव कोयला अलीपुर के पास एक ट्रैक्टर चालक ने ट्रैक्टर को इनकी गाड़ी पर चढ़ाने की कोशिश की। ट्रैक्टर की टक्कर से इनकी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई है। उसने टीम को कार्रवाई से भी रोका और धमकी दी। इसकी जानकारी होने पर डीएम ने एसडीएम को मौके पर भेजा। खनन निरीक्षक की तहरीर पर ट्रैक्टर चालक रूपा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई।
बताया जा रहा है कि खनन निरीक्षक को स्थानीय पुलिस पर भरोसा नहीं था और वह पहले ही आगरा पुलिस को साथ लेकर गए थे। हमले के बाद उन्होंने क्षेत्रीय पुलिस की मदद मांगी तो थाना प्रभारी का फोन हमराह पर मिला और उसने एक घटना में पुलिस के व्यस्त होने का बहाना बनाते हुए मदद से इनकार कर दिया। अभियान के दौरान टीम ने एक वाहन फरह, 14 हाईवे और चार रिफाइनरी थाना पुलिस के सपुर्द किए गए हैं।