एक 69 साल के करोड़पति को अपने लिए एक बीवी की तलाश है। बीवी के लिए पिछले दिनों उसने एक अखबार में पूरे पेज का विज्ञापन भी दिया।
अखबार में छपे विज्ञापन के मुताबिक ट्रेवल एजेंसी की दुनिया की जानी-मानी हस्ती 69 वर्षीय दिनशाह विमदलाल को एक अंग्रेजी बोलने वाली 40 साल से कम उम्र की पतली-दुबली, मांसाहारी, जिंदादिल और साहसी दुल्हन की तलाश है।
जारी है फ्रेंडली मीटिंग
मैक्सिको के रहने वाले करोड़पति कारोबारी दिनशाह ने एपीजे हाउस में पिछले चार दिनों के अंदर 30 महिलाओं का इंटरव्यू लिया है। 40 वर्ष तक की कोई भी महिला इस फ्रेंडली मीटिंग में आ सकती है।
दिनशाह का कहना है, "मैं दिल से अभी भी जवान हूं इसलिए 40 साल से अधिक उम्र की महिला मेरे लिए बुजुर्ग जैसी होगी।"
कौन हैं दिनशाह
मुंबई के कैथेड्रल एंड जॉन कॉनन स्कूल से पढ़ाई करने के बाद दिनशाह 1967 में कनाडा चले गए। कुछ साल बाद 1975 में दिनशाह ने लॉस एंजिंल्स जाकर वहां अपनी ट्रेवल कंपनी को जमाया।
बाद में दिनशाह ने कंपनी को बेच दिया और अपनी पत्नी फिरोजा के साथ मैक्सिको जाने का निर्णय किया। उनकी पत्नी की मृत्यु तीन साल पहले एक कार दुर्घटना में हो गई।
अकेलेपन से लड़ना मुश्किल
जिंदगी के इस पड़ाव में अकेलेपन से लड़ना दिनशाह के लिए भारी पड़ रहा है। दिनशाह ने कहा, "पत्नी की मृत्यु के बाद मैं खुद को बेहद अकेला महसूस करने लगा हूं। मैं अपना जीवन पत्नी के साथ साझा करना चाहता हूं।"
दिनशाह की नए साथी की तलाश अब तक असफल रही है। दिनशाह ने कहा, "पिछले दिनों मैंने जिन महिलाओं का इंटरव्यू लिया, उनसे मुझे काफी निराशा हाथ लगी। अभी तक एक भी महिला ऐसी नहीं मिली, जो मेरी पत्नी बनने के योग्य हो।"
दुल्हन का इंटरव्यू
इस दौरान दिनशाह को कुछ विचित्र उम्मीदवार भी देखने को मिले। दिनशाह ने बताया, "एक आदमी मेरे पास आया और बोला कि मुझे किसी पुरुष के साथ रहने में कोई आपत्ति नहीं है। इसी तरह एक महिला आई और उसने कहा कि मेरा मकान 10 लाख रुपये में गिरवी रखा गया है और उसे छुड़ाने के लिए मैं आपसे शादी करना चाहती हूं।"
दिनशाह ने बताया कि सबसे अधिक मजेदार बात यह हुई कि एक लड़की अपने प्रेमी के साथ इंटरव्यू देने आई और उसने कहा कि मुझे लगा कि यहां किसी नौकरी के लिए इंटरव्यू हो रहा है। उस लड़की को दिनशाह ने बताया कि यह किसी नौकरी के लिए नहीं, बल्कि यहां दुल्हन के लिए इंटरव्यू चल रहा है।
दिनशाह ने कहा, "मैंने जितनी भी महिलाओं का इंटरव्यू लिया, उनमें से अधिकतर महिलाएं मेरी संपत्ति को देख कर मुझसे शादी करना चाहती थीं। अगर मुंबई में अपनी पसंद की दुल्हन नहीं मिली तो मुझे काफी निराशा होगी।"