चेन्नई में एयर इंडिया के एक विमान के टॉयलेट से 32 किलो सोने के बिस्कुट बरामद किए गए हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 15 करोड़ रुपये है। इस सिलसिले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
चेन्नई हवाईअड्डे के सूत्रों के मुताबिक रेवेन्यू इंटेलिजेंस प्रवर्तनालय के अधिकारियों ने खुफिया जानकारी की बुनियाद पर अब्दुल गफूर नसरून और मोहम्मद जैनुल हुसैन को गिरफ्तार किया।
यह सोना इन्हीं का था। दोनों केरल के रहने वाले हैं और दुबई से एयर इंडिया की एक उड़ान से सुबह साढ़े पांच बजे यहां पहुंचे थे। पूछताछ से पता चला कि उन्होंने सोने के बिस्कुट विमान के टॉयलेट में छिपा रखे थे।
उनके साथी मोहम्मद युसूफ अब्दुल और मोहम्मद यासिन अब्दुल हुसैन चेन्नई में इस विमान में चढ़ने का इंतजार कर रहे थे। यहां से इस सोने को दिल्ली ले जाया जाना था।
दोनों के पास बोर्डिंग पास थे और उन्हें सुबह छह बज कर चालीस मिनट पर एयर इंडिया के इस विमान में चढ़ना था।