माता-पिता की ओर से प्रेमी से संबंध तोड़ने का कथित दबाव डाले जाने से क्षुब्ध एमबीए की छात्रा सोनल बगाडे ने सांताक्रूज स्थित आवासीय इमारत की छठी मंजिल से कूदकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि सोनल ने अपने प्रेमी से गुपचुप शादी भी कर ली थी।
पुलिस के अनुसार 24 वर्षीय सोनल ने अपनी मां और अन्य रिश्तेदारों के नाम एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जो मराठी में लिखा गया है। इसमें सोनल ने उनकी अपेक्षाओं पर खरा न उतर पाने को लेकर माफी मांगी है। पुलिस ने दुर्घटनावश हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि सोनल की मां नर्स है और रविवार सुबह 9 बजे वह अस्पताल के लिए घर से निकलीं। इसके कुछ ही देर बाद सोनल ने छठी मंजिल से छलांग लगा दी। सोनल को पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।