आंध्र प्रदेश के तेलंगाना क्षेत्र के कांग्रेस नेताओं ने दावा किया है कि उन्हें केंद्र से अलग राज्य के गठन के संकेत मिले हैं। राज्य के श्रम मंत्री दनम नागेंदर ने सोमवार को यहां कहा कि हमें केंद्र से इस तरह के संकेत मिले हैं कि आंध्र प्रदेश का बंटवारा जल्द हो सकता है और हैदराबाद दोनों राज्यों की राजधानी हो सकती है। वहीं नागरिक आपूर्ति मंत्री डी. श्रीधर बाबू ने नागेंदर का समर्थन करते हुए कहा कि हमें केंद्र से अलग राज्य के गठन के स्पष्ट संकेत मिले हैं।
खास बात यह है कि नागेंदर कभी भी अलग राज्य के गठन का मुखर समर्थन करते नहीं देखे गए हैं। पिछले कुछ समय में उन्होंने हैदराबाद को केंद्र शासित प्रदेश का दर्जा देने की मांग जरूर की है। हालांकि सोमवार को उन्होंने इस मांग से किनारा करते हुए कहा कि यह अभी जल्दबाजी होगी।
दूसरी ओर, राज्य सभा सदस्य पलवई गोवर्धन रेड्डी ने भी इशारा किया कि अलग तेलंगाना राज्य का गठन जल्द किया जा सकता है। इस मुद्दे पर केंद्र द्वारा गंभीर रूप से विचार करने की बात कहते हुए उन्होंने यह भी दावा किया कि तेलंगाना के गठन के बाद तेलंगाना राष्ट्र समिति कांग्रेस में विलय के लिए तैयार हो गई है।