कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के हमलों से तिलमिलाई बसपा सुप्रीमो मायावती ने बुधवार को उन पर जमकर निशाना साधा। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर दलित विरोधी होने का आरोप लगाया।
साथ ही कहा कि बसपा संस्थापक कांशीराम के निधन पर राष्ट्रीय शोक घोषित न करके कांग्रेस ने अपनी जातिवादी मानसिकता का सुबूत दिया था। इसके लिए दलित समाज कभी कांग्रेस को माफ नहीं करेगा।
राहुल गांधी ने मंगलवार को मायावती पर किसी भी दलित नेता को राजनीति में नहीं उभरने देने और दलित आंदोलन पर कब्जा करने का आरोप लगाया था।
कांशीराम की सातवीं पुण्यतिथि पर बहुजन प्रेरणा केंद्र में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मायावती ने कहा कि पार्टी संस्थापक के प्रति विपक्षी पार्टियों खासकर कांग्रेस का रवैया जातिवादी और उपेक्षापूर्ण रहा है।
यही वजह है कि कांग्रेस नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने कांशीराम जी के निधन पर एक दिन का भी राष्ट्रीय शोक घोषित नहीं किया। इसके लिए दलित समाज कभी भी कांग्रेस को माफ नहीं करेगा। यह कांग्रेस की दलित विरोधी मानसिकता का सुबूत है।
क्या कहा था राहुल ने
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को एक कार्यक्रम में कहा था कि यदि आप दलित आंदोलन को आगे ले जाना चाहते हैं तो इसके लिए एक या दो दलित नेता काफी नहीं हैं।
लाखों दलित नेताओं की जरूरत पड़ेगी। मायावती ने दलित आंदोलन पर कब्जा कर दिया है और उन्होंने अपने अलावा किसी अन्य दलित नेता को उभरने नहीं दिया है।