मेरठ में युवती से गैंगरेप और धर्मांतरण मामले के मास्टर माइंड और पांच हजार के इनामी सनाउल्ला को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। बकौल एसएसपी, सनाउल्ला 28 जून से एक जुलाई के बीच नई दिल्ली स्थित लोकनायक अस्पताल में भर्ती था। ऐसे में उसके खिलाफ 29 जून को युवती का अपहरण कर दुष्कर्म करने के साक्ष्य नहीं मिले हैं। हालांकि, सनाउल्ला को युवती के धर्मांतरण का फर्जी शपथपत्र बनवाने और उसे बिना उसके परिजनों की अनुमति के हापुड़ और मुजफ्फरनगर ले जाने का आरोपी माना गया है।
खरखौदा क्षेत्र की युवती ने तीन अगस्त को थाना खरखौदा थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया था कि 23 जुलाई को उसका अपहरण कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। बाद में युवती द्वारा आरोप लगाया कि उसके साथ 29 जून को हापुड़ स्थित मदरसे में ले जाकर गैंगरेप किया गया। उसके धर्मांतरण संबंधी झूठा शपथपत्र भी बनवाया गया।
इसके साथ ही युवती का कहना था कि 29 जुलाई को उसका फिर अपहरण कर उसे मुजफ्फरनगर के एक मदरसे में रखा गया। जहां उसे जान से मारने की पूरी योजना थी। तीन अगस्त को वह किसी तरह वहां से छूटकर मेरठ पहुंची। जहां से परिजन उसे खरखौदा ले गए।